12 साल की अनन्या का स्टेट लेवल पर चयन, क्रिकेट में बढ़ाया मीरजापुर का मान

WhatsApp Channel Join Now
12 साल की अनन्या का स्टेट लेवल पर चयन, क्रिकेट में बढ़ाया मीरजापुर का मान


12 साल की अनन्या का स्टेट लेवल पर चयन, क्रिकेट में बढ़ाया मीरजापुर का मान


- कोन ब्लॉक के श्रीपट्टी गांव की बेटी ने शानदार बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं को किया प्रभावित

मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में कोन ब्लॉक के श्रीपट्टी गांव की 12 वर्षीय क्रिकेट खिलाड़ी अनन्या मिश्रा का स्टेट लेवल के लिए चयन हुआ है। स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत अंडर-17 और अंडर-19 की चयन प्रक्रिया में शानदार बल्लेबाजी कर अनन्या ने यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

अनन्या मवैया गांव स्थित आरपी क्रिकेट क्लब में अभ्यास करती हैं। नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति लगन के दम पर उन्होंने अपनी बल्लेबाजी को निखारा है। चयन प्रक्रिया में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। कम उम्र में मिली इस उपलब्धि को ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

अनन्या के पिता बिमल मिश्र और मां रिंकी मिश्रा ने क्रिकेट के प्रति बेटी की रुचि को प्रोत्साहित किया और उसे आगे बढ़ने में सहयोग दिया। परिवार के समर्थन और अनन्या की मेहनत ने उसकी इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई।

अनन्या के स्टेट लेवल के लिए चयनित होने से आरपी क्रिकेट क्लब में भी उत्साह है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को खेल में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। अब सभी की निगाहें स्टेट लेवल पर उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759859 Articles

Share this story