अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में जीएसआर क्रिकेट अकादमी की जीत

WhatsApp Channel Join Now
अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में जीएसआर क्रिकेट अकादमी की जीत


देहरादून, 15 जून (हि.स.)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ दून के तत्वावधान में अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट सोमवार से शुरू हो गया। आज उद्घाटन मुकाबला जीएसआर ग्राउंड पर दून बलूनी क्रिकेट अकादमी और जीएसआर क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में जीएसआर क्रिकेट अकादमी ने दून बलूनी क्रिकेट अकादमी को तीन विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के संरक्षण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीसी वर्मा ने मैच का उद्घाटन किया। टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला करने वाली जीएसआर क्रिकेट अकादमी के सामने दून बलूनी क्रिकेट अकादमी ने निर्धारित 40 ओवर में आठ विकेट पर 213 रन बनाए। टीम की ओर से पार्थ शर्मा ने 87 रन, आराध्य रतूड़ी ने 52 रन और आयुष तोमर ने 33 रनों का योगदान दिया।

जीएसआर क्रिकेट अकादमी की ओर से रजत कृष्णा सगोई ने दो विकेट लिए, जबकि आकिब, अयान, अभिजीत रावत और कुणाल बिष्ट ने एक-एक विकेट हासिल किया। 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीएसआर क्रिकेट अकादमी ने सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से आकिब राव ने 68 रन, आरव चौहान ने 54 रन और अयान अली ने नाबाद 35 रनों की उपयोगी पारी खेली।

दून बलूनी क्रिकेट अकादमी की ओर से मानव पंवार, आराध्य रतूड़ी और आदर्श चौरसिया ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अर्णव मल्ल को एक सफलता मिली।

मुकाबले में अंपायर की जिम्मेदारी दीपक कश्यप और सार्थक रावत ने निभाई, जबकि स्कोरर की भूमिका शुभम नेगी ने निभाई। इस अवसर पर संदीप रावत, पीयूष रघुबंशी, अरुण नेगी, डॉ. जितेंद्र सचान, प्रशनजीत बोस, सचिन सैनी सहित अनेक खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story