दून डेयर डेविल्स ने जीता मंजूल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब

WhatsApp Channel Join Now
दून डेयर डेविल्स ने जीता मंजूल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब


देहरादून, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित द्वितीय मंजूल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सोमवार को दून डेयर डेविल्स और दून सुपर किंग्स के बीच खेला गया। फाइनल में दून डेयर डेविल्स ने दून सुपर किंग्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।

रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दून सुपर किंग्स की टीम 19.1 ओवर में 142 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रुपेश ने 33, दीपक पुरोहित ने 30, हिमांशु जोशी ने 15 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में मनीष डंगवाल और संजय नेगी ने 9-9 रन, जबकि शैलेंद्र सेमवाल ने 7 रन का योगदान दिया। कप्तान सुरेंद्र डसिला 4 रन ही बना सके। टीम को अतिरिक्त के रूप में 28 रन प्राप्त हुए।

दून डेयर डेविल्स की ओर से गेंदबाजी में मनोज सिंह जयाड़ा ने 2.1 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट झटके। अरविंद रावत ने 2 विकेट, जबकि ठाकुर नेगी और मनबर रावत ने 1-1 विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दून डेयर डेविल्स ने 15.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 146 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। टीम की ओर से ठाकुर नेगी ने 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। मनबर रावत ने नाबाद 26 और अरविंद रावत ने नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। कप्तान विजय जोशी ने 15 रन का योगदान दिया।

दून सुपर किंग्स की ओर से दीपक पुरोहित ने 2 विकेट, जबकि सुरेंद्र डसिला और मनीष डंगवाल ने 1-1 विकेट हासिल किया।

मैच में अरविंद रावत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। टूर्नामेंट में सोबन सिंह गुसाईं को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बल्लेबाज, जबकि अजय राणा को बेस्ट गेंदबाज चुना गया। 50 प्लस वर्ग में अजय राणा को बेस्ट गेंदबाज और शैलेन्द्र सेमवाल को बेस्ट बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया।

विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं समाज में अनुशासन और एकता को बढ़ावा देती हैं। सीएयू संरक्षक पीसी वर्मा ने विजेता टीम को अतिरिक्त 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।

प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन पत्रकारों के बीच खेल भावना और समन्वय को मजबूत करते हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story