सचिवालय प्रीमियर लीग : जायंट्स और रॉयल रेंजर्स ने दर्ज की जीत

WhatsApp Channel Join Now
सचिवालय प्रीमियर लीग : जायंट्स और रॉयल रेंजर्स ने दर्ज की जीत


-जायंट्स ने स्मैशर्स को सात रन और रॉयल रेंजर्स ने बुल्स को 32 रन से हराया

देहरादून, 29 नवंबर (हि.स.)। सचिवालय प्रीमियर लीग 2026 में रविवार को खेले गए मुकाबलों में सचिवालय जायंट्स और सचिवालय रॉयल रेंजर्स ने जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में जायंट्स ने सचिवालय स्मैशर्स को सात रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में रॉयल रेंजर्स ने बुल्स को 32 रन से शिकस्त दी।

पहले मैच में सचिवालय जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 178 रन बनाए। मनदीप ने 67 और सुनील ने 35 रन का योगदान दिया। स्मैशर्स की ओर से विवेक और राजीव ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्मैशर्स की टीम निर्धारित ओवरों में 171 रन ही बना सकी। मदन ने 71 रन बनाए। जायंट्स की ओर से ओमीश और राकेश जोशी ने तीन-तीन विकेट लिए। राकेश जोशी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में सचिवालय रॉयल रेंजर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 206 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। अजीत ने 72, टीएच खान ने 57 और दिवाकर ने 48 रन बनाए। जवाब में बुल्स की टीम 20 ओवर में 174 रन ही बना सकी। महेश धर्मशक्तू ने 67 रन बनाए। रॉयल रेंजर्स ने यह मुकाबला 32 रन से जीत लिया। अजीत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story