अरूणाचलः अंडर-23 त्रिराष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 का उद्घाटन
इटानगर, 25 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के युपिया स्थित स्वर्ण जयंती आउटडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने आज अंडर-23 त्रिराष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में भारत के फुटबॉल के दिग्गज और पूर्व कप्तान सुनील छेत्री तथा खेल मंत्री केंटो जिनी उपस्थित थे।
इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री की पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास पहल के तहत इटानगर में एक विश्व स्तरीय फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य इसी वर्ष शुरू होने वाला है। उन्होंने राज्य में खेल अवसंरचना को मजबूत करने और खेल प्रतिभाओं को पोषित करने के लिए सरकार के निरंतर प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर बोलते हुए फुटबॉल के दिग्गज सुनील छेत्री ने युवाओं को खेलों को गंभीरता से लेने और उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया।
टूर्नामेंट का पहला मैच भूटान और तजाकिस्तान के बीच खेला गया। अगला मैच 28 मार्च को भारत और भूटान के बीच निर्धारित है।
इस चैम्पियनशिप में तजाकिस्तान, भारत और भूटान सहित तीन देश भाग ले रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

