शतरंज के महाकुंभ में अर्जुन अवार्डी, कॉमनवेल्थ विजेता, एशियाई चैंपियन होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
शतरंज के महाकुंभ में अर्जुन अवार्डी, कॉमनवेल्थ विजेता, एशियाई चैंपियन होंगे शामिल


वाराणसी, 26 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में पहली बार आयोजित 63 वें सेठ एमआर जैपुरिया राष्ट्रीय चेस चैंपियनशिप में इस बार 20 से अधिक ग्रैंड मास्टर, 20 इंटरनेशनल मास्टर, 15 कैंडिडेट मास्टर के अलावा 24 फिडे मास्टर हिस्सा लेंगे। इनके साथ ही 115 ऐसे खिलाड़ी है, जो फिडे टाइटल और फिडे एरिना टाइटल धारक है। इसमें अर्जुन अवार्डी, कॉमनवेल्थ चैंपियन, एशियाड चैंपियन और शतरंज ओलंपियाड विजेता भी शामिल हो रहे हैं।

बाबतपुर स्थित सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल के प्रांगण में 29 से 9 दिसंबर तक होने वाली इस चैंपियनशिप में अभी तक 321 प्रतिभागियों के रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इसमें सभी 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अलावा संस्थागत दल भी शामिल होंगे। वाराणसी चेस एसोसिएशन एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक बजाज ने बताया कि चैंपियनशिप में गत बार के राष्ट्रीय चैंपियन जीएम सीड 1 पी. इनियान चेस की बाजी खेलते दिखेंगे। उनके साथ ही छः बार के विजेता, अर्जुन अवार्डी, पूर्व एशियाड चैंपियन जीएम सीड 3 सूर्य शेखर गांगुली भी इस बार दिमागी कसरत करते दिखेंगे। गांगुली शतरंज के बादशाह कहे जाने वाले विश्वनाथन आनंद की विश्व चैंपियनशिप विजेता टीम के प्रमुख सहयोगी रहे हैं।

आयोजन समिति से जुड़े यूपी शतरंज संघ के महासचिव ए. के. रायजादा ने बताया कि वहीं एकमात्र पाँच बार कॉमनवेल्थ चैंपियन जीएम सीड 5 अभिजीत गुप्ता भी खिताब के लिए जोर आजमाइश करते दिखेंगे, वे अर्जुन अवार्डी होने के साथ साथ पूर्व जूनियर विश्व विजेता भी रह चुके हैं। अपनी आक्रामक खेल शैली के कारण दुनियाभर में द बीस्ट के नाम से विख्यात हो चुके जीएम सीड 2 बी. अधिमान, सीड 8 जीएम कार्तिक वेंकटरमन, वर्तमान कॉमनवेल्थ शतरंज विजेता सीड 9 जीएम मित्रभा गुहा सहित सीड 4 जीएम दीप्तायन घोष, सीड 17 जीएम संदीपन चंदा, भारत की पहली ग्रैंड मास्टर्स भाइयों की जोड़ी जीएम एनआर विशाख और जीएम एनआर विग्नेश जैसे दिग्गज चेस मास्टर्स शामिल हो रहे हैं।

राज्यों में प. बंगाल और संस्थागत में रेलवे का सबसे बड़ा दल

वाराणसी चेस एसोसिएशन के सचिव तुषार सारस्वत ने बताया कि देशभर के चेस मास्टर्स में इस बार खासा उत्साह दिखलाई पड़ रहा है, इस बार सबसे बड़ा 29 सदस्यीय खिलाड़ियों का दल पश्चिम बंगाल का है, उसके बाद 28 खिलाड़ी तमिलनाडु, मेजबान उत्तर प्रदेश के 26 खिलाड़ी, महाराष्ट्र के 25, तेलंगाना के 23 और आंध्र प्रदेश के 19 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। वहीं संस्थागत दल में रेलवे की ओर से 17 खिलाड़ी भाग लेंगे जिनमें 10 ग्रैंड मास्टर और 6 इंटरनेशनल मास्टर शामिल हैं। इनके अलावा पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड से 8 खिलाड़ी शामिल होंगे जिनमें 4 ग्रैंड मास्टर्स होंगे। चैंपियनशिप में विजेता को 6 लाख सहित कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गयी है।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story