अंडर-23 महिला टी-20 ट्रॉफी : उत्तराखंड ने पांडिचेरी को 77 रन से हराया

WhatsApp Channel Join Now


थिरुवनंतपुरम, 21 नवंबर (हि.स.)। महिला अंडर-23 टी-20 ट्रॉफी एलीट के ग्रुप चरण के मुकाबले में उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांडिचेरी को 77 रन से हरा दिया। सेंट जेवियर्स केसीए क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में प्रभावी प्रदर्शन कर जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी उत्तराखंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। टीम की ओर से करीना सिंह ने सर्वाधिक 45 रन की पारी खेली। उन्होंने 38 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए। कप्तान राघवी बिष्ट ने भी उपयोगी योगदान देते हुए 24 गेंदों पर 27 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल रहा। दोनों बल्लेबाजों की पारियों ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पांडिचेरी की टीम उत्तराखंड के गेंदबाजी आक्रमण के सामने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 91 रन ही बना सकी। उत्तराखंड की गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर रन बनाने की गति को नियंत्रित रखा और विपक्षी टीम को लक्ष्य तक पहुंचने का अवसर नहीं दिया। उत्तराखंड ने यह मुकाबला 77 रन से अपने नाम किया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781179 Articles

Share this story