भारत में टेनिस का रोमांच बढ़ाएगी वर्ल्ड लीग, पांचवें सीजन में कई दिग्गज खिलाड़ी दिखाएंगे दम

WhatsApp Channel Join Now
भारत में टेनिस का रोमांच बढ़ाएगी वर्ल्ड लीग, पांचवें सीजन में कई दिग्गज खिलाड़ी दिखाएंगे दम


भारत में टेनिस का रोमांच बढ़ाएगी वर्ल्ड लीग, पांचवें सीजन में कई दिग्गज खिलाड़ी दिखाएंगे दम


बेंगलुरु, 18 नवंबर (हि.स.)। वर्ल्ड टेनिस लीग (डब्ल्यूटीएल) अपने पांचवें सीजन के लिए अंतरराष्ट्रीय टेनिस के कुछ सबसे बड़े नामों को बेंगलुरु लाने के लिए तैयार है। 16 खिलाड़ियों की सूची में पूर्व विश्व नंबर-3 एलिना स्वितोलिना, ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बेलिंडा बेनसिक, पूर्व विश्व नंबर-1 करोलिना प्लिस्कोवा, विंबलडन फाइनलिस्ट निक किर्गियोस और दो बार के विंबलडन डबल्स चैंपियन हैरी हेलियोवारा मुख्य आकर्षण होंगे।

आइकॉनिक स्पोर्ट्स एंड इवेंट्स द्वारा लाइसेंस प्राप्त और प्रबंधित यह लीग 17 से 20 दिसंबर तक बेंगलुरु के एसएम कृष्णा टेनिस स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। सीजन 5 में चार टीमें एक्रिक्स ईगल्स, गेम चेंजर्स फाल्कन्स, ऑसी मावेरिक्स काइट्स और वीबी रियल्टी हॉक्स हिस्सा लेंगी। इनमें आठ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और भारत के आठ प्रमुख टेनिस खिलाड़ी एक साथ खेलेंगे।

महिला वर्ग की अगुवाई यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना करेंगी, जो 20 बार की डब्ल्यूटीए सिंगल्स चैंपियन और 2018 डब्ल्यूटीए फाइनल्स की विजेता हैं और इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंची थीं। उनके साथ स्विट्जरलैंड की बेलिंडा बेनसिक भी मुख्य आकर्षण होंगी, जिन्होंने टोक्यो 2020 ओलंपिक में सिंगल्स का स्वर्ण पदक जीता था और 2025 में विंबलडन सेमीफाइनलिस्ट रही थीं। इस सूची में चेक गणराज्य की करोलिना प्लिस्कोवा भी शामिल हैं, जो पूर्व विश्व नंबर-1 और दो बार की ग्रैंड स्लैम फाइनलिस्ट हैं। स्पेन की पाउला बडोसा, जो पूर्व विश्व नंबर-2 और 2021 इंडियन वेल्स चैंपियन हैं, पिछले सीजन के बाद एक बार फिर इस लीग में वापसी कर रही हैं।

पुरुष वर्ग का लाइन-अप भी उतना ही दमदार है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के निक किर्गियोस बेंगलुरु के कोर्ट पर अपना जलवा बिखेरेंगे। 2022 के विंबलडन फाइनलिस्ट और उसी वर्ष ऑस्ट्रेलियन ओपन डबल्स चैंपियन रहे किर्गियोस के साथ कजाकिस्तान के अलेक्जेंडर बुब्लिक भी जुड़ेंगे, जो नौ बार के एटीपी खिताब विजेता हैं और जनवरी, 2026 में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग नंबर-10 पर पहुंचे थे। बेल्जियम के जिजौ बर्ग्स, जिन्होंने इस साल ईस्टबोर्न में अपना पहला एटीपी खिताब जीता और फिनलैंड के हैरी हेलियोवारा, जो दो बार के विंबलडन पुरुष डबल्स चैंपियन (2024 और 2026) हैं, अंतरराष्ट्रीय लाइन-अप को पूरा करते हैं।

भारत के प्रतिनिधित्व में अनुभवी खिलाड़ियों और होनहार युवा प्रतिभाओं का मजबूत मिश्रण देखने को मिलेगा। क्ले कोर्ट पर एटीपी मास्टर्स 1000 मैच जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी सुमित नागल, भारत के प्रमुख डबल्स खिलाड़ी युकी भांबरी के साथ वापसी कर रहे हैं। दक्षिणेश्वर सुरेश भी टीम का हिस्सा होंगे। पूर्व एटीपी सिंगल्स फाइनलिस्ट और दो बार के एटीपी 250 डबल्स चैंपियन रामकुमार रामनाथन भी शामिल हैं।

भारतीय महिला लाइन-अप में 17 वर्षीय माया राजेश्वरन रेवती और श्रीवल्ली रश्मिका भामिदिपति की वापसी होगी, जो पिछले सीजन में भी खेली थीं। उनके साथ रुतुजा भोसले (जिन्होंने 2023 एशियाई खेलों में रोहन बोपन्ना के साथ मिक्स्ड डबल्स में स्वर्ण पदक जीता था) और वैष्णवी अडकर (2026 में भारत की नंबर-1 महिला सिंगल्स खिलाड़ी) भी जुड़ेंगी।

वर्ल्ड टेनिस लीग के सह-संस्थापक महेश भूपति ने एक बयान में कहा कि सीजन 5 के लिए एक साथ आ रहे खिलाड़ियों की गुणवत्ता इस लाइन-अप को बेहद रोमांचक बनाती है। हमारे पास ग्रैंड स्लैम फाइनलिस्ट, एक ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता, पूर्व विश्व नंबर-1 खिलाड़ी और एटीपी तथा डब्ल्यूटीए टूर के कुछ सबसे बेहतरीन नाम हैं। हर खिलाड़ी कोर्ट पर एक अलग शैली और व्यक्तित्व लेकर आता है, जो इस टीम प्रतियोगिता को और भी दिलचस्प बना देगा। भारतीय दल भी उतना ही उत्साहजनक है, जिसमें अनुभवी खिलाड़ी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही युवा प्रतिभाएं शामिल हैं। गुणवत्ता, अनुभव और उभरती प्रतिभा का यही संयोजन सीजन 5 को खास बनाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story