टाटा आर्चरी एकेडमी की अंकिता भकत ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास, भारत को दिलाया महिला रिकर्व टीम का पहला स्वर्ण

WhatsApp Channel Join Now
टाटा आर्चरी एकेडमी की अंकिता भकत ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास, भारत को दिलाया महिला रिकर्व टीम का पहला स्वर्ण


-दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया,टाटा आर्चरी एकेडमी की तीरंदाज की अगुवाई में भारतीय टीम ने तोड़ा सात स्वर्ण का सिलसिला

पूर्वी सिंहभूम, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में जमशेदपुर की टाटा आर्चरी एकेडमी (टीएए) की अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज अंकिता भकत ने भारतीय तीरंदाजी के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। अंकिता की अगुवाई वाली भारतीय महिला रिकर्व टीम ने शुक्रवार को फाइनल में मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में एशियन गेम्स के इतिहास में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है। ऐतिहासिक जीत के बाद टाटा आर्चरी एकेडमी और टाटा स्टील में जश्न का माहौल है।

ओकाजाकी में खेले गए फाइनल में अंकिता भकत के साथ कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोड भारतीय टीम का हिस्सा थीं। मुकाबला शुरुआत से ही कांटे का रहा। भारतीय तीरंदाजों ने दबाव के बीच शानदार संयम बनाए रखा और तीसरे सेट के बाद 4-2 की बढ़त हासिल कर ली। निर्णायक चरण में कुमकुम मोहोड के महत्वपूर्ण 10 अंक ने भारत की स्थिति मजबूत कर दी। इसके बाद भारतीय टीम ने 5-3 से मुकाबला अपने नाम कर इतिहास रच दिया।

इस हार के साथ दक्षिण कोरिया का महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में लगातार सात एशियन गेम्स से चला आ रहा स्वर्ण पदक का सिलसिला भी टूट गया। भारत की इस जीत ने एशियन गेम्स में महिला रिकर्व टीम स्पर्धा के इतिहास में नया रिकॉर्ड कायम किया।

कोलकाता की रहने वाली अंकिता भकत वर्ष 2014 में महज 16 साल की उम्र में जमशेदपुर स्थित टाटा आर्चरी एकेडमी से जुड़ी थीं। यहीं उन्होंने रिकर्व तीरंदाजी का प्रशिक्षण लिया और पद्मश्री पूर्णिमा महतो समेत अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अपनी प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।

अंकिता वर्ष 2022 के एशियन गेम्स में भारतीय महिला रिकर्व टीम के साथ कांस्य पदक जीत चुकी हैं। चार वर्ष बाद उसी स्पर्धा में उन्होंने टीम की अगुवाई करते हुए भारत को स्वर्ण दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

अंकिता के नाम विश्व कप और एशियन आर्चरी चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक भी हैं। नवंबर 2025 में उन्होंने एशियन आर्चरी चैंपियनशिप में व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा का स्वर्ण जीतकर यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव प्राप्त किया था।

टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम ने अंकिता और पूरी भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि लंबे समय से किए जा रहे प्रशिक्षण, अनुशासन और मजबूत खेल व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने कहा कि टाटा आर्चरी एकेडमी से निकली अंकिता की सफलता देश के युवा तीरंदाजों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Share this story