जिला स्तरीय एडवांस ताइक्वांडो फाइट शिविर खिलाड़ियों ने सीखीं खेल की बारीकियां
मुरादाबाद, 26 जुलाई (हि.स.)। जिला ताइक्वांडो स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के अंतर्गत साईं ताइक्वांडो एकेडमी द्वारा रामगंगा विहार स्थित आरएसडी स्पोर्ट्स एकेडमी में रविवार को एक दिवसीय जिला स्तरीय ताइक्वांडो एडवांस फाइट कैंप का आयोजन किया गया जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं ताइक्वांडो एकेडमी क्लब के लगभग 70 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और खेल की बारीकियां सीखीं।
जिला ताइक्वांडो स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव शाहवेज़ अली ने बताया कि यह शिविर जिले के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने व ताइक्वांडो खेल की नई तकनीकियां सिखाने के लिए लगाया गया है जिससे आगामी अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय व राज्य स्तर की प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन दिखा सकेंगे ।
जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन मुरादाबाद के खिलाड़ियों को उच्च स्तर की प्रशिक्षण प्रदान करने का प्रयास कर रही है और भविष्य में इसी तरह करती रहेगी। इस शिविर में खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो के नए नियम सीखें और फाइट की नई तकनीकियों का अभ्यास किया।
कैंप का संचालन सचिव शाहवेज़ अली, केशव थापा, रोहित आदित्य ने किया , सहायक कोच में रायन सागर, रोहित कुमार रहे। इस अवसर पर आरएसडी एकेडमी के निदेशक डॉ. विनोद कुमार व डॉ. जी. कुमार ने सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए मनोबल बढ़ाया। डॉ. गौरव कुमार, डॉ. अजय शर्मा व डॉ. गरिमा शर्मा उपस्थित रहे ।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

