सूरत में 89वें फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल में दिखा फिटनेस और नशामुक्ति का जोश

WhatsApp Channel Join Now
सूरत में 89वें फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल में दिखा फिटनेस और नशामुक्ति का जोश


सूरत में 89वें फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल में दिखा फिटनेस और नशामुक्ति का जोश


सूरत, 06 सितंबर (हि.स.)। देशभर में स्वस्थ, सक्रिय और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 89वें फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का मुख्य आयोजन रविवार को गुजरात के सूरत में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम के साथ किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ आंदोलन के परिणामस्वरूप देशभर में ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान ने व्यापक रूप लिया है। उन्होंने कहा कि विकसित राष्ट्र के लिए स्वस्थ आबादी आवश्यक है और साइकिलिंग स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने के कई फायदे हैं। यह प्रभावी व्यायाम का माध्यम है, ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान को मजबूती देता है, प्रदूषण कम करने में मदद करता है और ईंधन की खपत घटाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देता है। मांडविया ने लोगों से अपील की कि साइकिलिंग को केवल रविवार तक सीमित न रखा जाए बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए। विशेष रूप से आसपास के कार्यस्थलों तक आने-जाने के लिए साइकिल का उपयोग करने से ‘फिट इंडिया’ के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त भारत’ के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। सूरत में साइकिल कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मांगढ़ चौक स्थित सरदार पटेल प्रतिमा से हुई। प्रतिभागियों ने योग, जुंबा और विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके बाद करीब 6 किलोमीटर की साइकिल राइड सरथाना जू तक निकाली गई।

राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में 89वें फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का आयोजन मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम में युवाओं के जीवन और करियर को दिशा देने वाले शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों के अमूल्य योगदान का सम्मान किया गया। नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं और फिटनेस प्रेमियों ने हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story