हरिहरपुर फुटबॉल प्रतियोगिता में सुपौल चैंपियन
दरभंगा, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा के हरिहरपुर स्थित मां जगदम्बा मैदान में आयोजित श्री श्री 108 हरिहरपुर दुर्गा पूजा फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जेपीएन क्लब, सुपौल ने बीबीटी फुटबॉल क्लब, पूर्णिया को 3-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि राज दरभंगा कामेश्वर धार्मिक ट्रस्ट के ट्रस्टी कुमार कपिलेश्वर सिंह ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। फाइनल मुकाबला देखने के लिए करीब 5,000 दर्शक मौजूद थे।
वर्ष 1981 से आयोजित हो रही इस नौ दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन समिति की ओर से मिथिला की परंपरा के अनुरूप कुमार कपिलेश्वर सिंह को पाग, चादर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कुमार कपिलेश्वर सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जेपीएन क्लब ने कम समय में अपनी प्रतिभा के दम पर विशेष पहचान बनाई है। उन्होंने पूर्णिया की टीम के प्रदर्शन की भी सराहना की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के अनुशासन और खेल भावना को प्रशंसनीय बताते हुए उन्होंने आयोजन समिति को सफल एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि राज दरभंगा का फुटबॉल से पुराना नाता रहा है। महाराजाधिराज डॉ. कामेश्वर सिंह खेल प्रेमी थे और उनके समय में दरभंगा राज मैदान में बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजित होते थे। हरिहरपुर की यह प्रतियोगिता उसी गौरवशाली खेल परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
समारोह में राज दरभंगा के मुख्य प्रबंधक आशुतोष दत्ता, अमरकांत झा, संतोष सिंह, मंजेश चौधरी सहित आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

