सब-जूनियर पुरुष हॉकी: पंजाब, यूपी और मध्य प्रदेश सेमीफाइनल में, क्वार्टरफाइनल में दिखा दम

WhatsApp Channel Join Now
सब-जूनियर पुरुष हॉकी: पंजाब, यूपी और मध्य प्रदेश सेमीफाइनल में, क्वार्टरफाइनल में दिखा दम


सब-जूनियर पुरुष हॉकी: पंजाब, यूपी और मध्य प्रदेश सेमीफाइनल में, क्वार्टरफाइनल में दिखा दम


राजगीर (बिहार), 09 अप्रैल (हि.स.)। हॉकी इंडिया सब-जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप 2026 के 16वें संस्करण में गुरुवार को खेले गए डिवीजन ‘ए’ के क्वार्टरफाइनल मुकाबलों में पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन-दीव की टीमों ने शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

दिन के पहले मुकाबले में दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव की टीम ने हॉकी चंडीगढ़ को 2-1 से हराया। कप्तान धीरज पाल ने दोनों गोल दागकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि चंडीगढ़ के लिए जस्मीत सिंह ने सांत्वना गोल किया।

दूसरे क्वार्टरफाइनल में हॉकी पंजाब और हॉकी झारखंड के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। पंजाब ने 5-3 से जीत दर्ज की। राजवीर सिंह ने दो गोल किए, जबकि आकाश दीप, साहबाजप्रीत सिंह और सनमुख सिंह ने भी गोल दागे। झारखंड के आशीष तानी पूर्ति ने शानदार हैट्रिक लगाई, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

तीसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने ओडिशा हॉकी संघ को 6-3 से हराकर दमदार प्रदर्शन किया। नितीश यादव ने दो गोल किए, जबकि करण धनुक, प्रहलाद राजभर, कप्तान केतन कुशवाहा और रोहित पाल ने भी स्कोर शीट में योगदान दिया। ओडिशा की ओर से दीपक प्रकाश टोप्पो ने हैट्रिक लगाई, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।

दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला हॉकी मध्य प्रदेश और हॉकी हरियाणा के बीच खेला गया, जो निर्धारित समय तक 0-0 की बराबरी पर छूटा। इसके बाद शूटआउट में मध्य प्रदेश ने 4-3 से जीत दर्ज की। गोलकीपर आयुष राजक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो अहम बचाव किए और टीम की जीत सुनिश्चित की।

इससे पहले, सातवें दिन के मुकाबलों में भी टीमों ने जोरदार खेल दिखाया था, जिससे क्वार्टरफाइनल के लिए मजबूत दावेदार तय हुए। अब सभी की नजरें सेमीफाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां खिताब की जंग और रोमांचक होने की उम्मीद है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story