विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियन बनने पर प्रधानमंत्री मोदी ने अनाहत सिंह को दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियन बनने पर प्रधानमंत्री मोदी ने अनाहत सिंह को दी बधाई


नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप-2026 का खिताब जीतने पर भारतीय महिला खिलाड़ी अनाहत सिंह को बधाई दी और उनकी उपलब्धि को भारतीय खेल इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया है। कनाडा में आयोजित चैंपियनशिप के महिला एकल फाइनल में अनाहत ने मिस्र की रुकय्या सालेम को 11-3, 11-7, 11-9 से सीधे गेमों में हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इस ऐतिहासिक जीत के साथ 18 वर्षीय अनाहत विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियन बनने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी हैं। साथ ही उन्होंने पिछले करीब 15 वर्षों से इस प्रतियोगिता पर मिस्र के चले आ रहे वर्चस्व को भी समाप्त कर दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा, 2026 विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि। स्वर्ण पदक जीतने और विश्व जूनियर चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी बनने पर अनाहत सिंह पर गर्व है। यह उपलब्धि युवाओं के बीच स्क्वैश को और लोकप्रिय बनाएगी।

इससे पहले केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी अनाहत को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, इतिहास रचा गया। विश्व स्क्वैश जूनियर चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय बनने पर अनाहत सिंह को बधाई। यह एक शानदार उपलब्धि और हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है।

अनाहत ने पिछले वर्ष इसी प्रतियोगिता में सेमीफाइनल तक पहुंच कर कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन को एक कदम आगे बढ़ाते हुए फाइनल में रुकय्या सालेम को पराजित कर खिताब जीत लिया। यह उपलब्धि भारतीय स्क्वैश के इतिहास में एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story