बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज 2026 में अमन सहरावत ने जीता स्वर्ण पदक

WhatsApp Channel Join Now
बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज 2026 में अमन सहरावत ने जीता स्वर्ण पदक


बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज 2026 में अमन सहरावत ने जीता स्वर्ण पदक


बुडापेस्ट, 16 जुलाई (हि.स.)। भारत के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और अंडर-23 एशियाई चैंपियन अमन सहरावत ने बुधवार को बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

पोल्याक इमरे, वर्गा जानोस और कोजमा इस्तवान मेमोरियल सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंट (बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज) के फाइनल में अमन ने जॉर्जिया के रोबर्टी डिंगाशविली को पूरी तरह एकतरफा मुकाबले में 13-3 से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराकर खिताब जीता।

22 वर्षीय अमन सहरावत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह दुनिया के उभरते हुए सर्वश्रेष्ठ पहलवानों में शामिल हैं। इससे पहले वह पेरिस ओलंपिक में भारत के सबसे युवा व्यक्तिगत पदक विजेता बने थे। इसके अलावा वह अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले पहलवान भी हैं।

दीपक ने दिलाया कांस्य पदक

भारत की झोली में एक और पदक 61 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में आया, जहां दीपक ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

तीसरे स्थान के मुकाबले में दीपक ने अजरबैजान के नूरद्दीन नोवरुजोव को बेहद रोमांचक मुकाबले में 9-8 से हराकर कांस्य पदक जीता।

दो और कांस्य पदकों की उम्मीद

भारत को 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में भी दो और पदकों की उम्मीद है।

कुमार मोहित कांस्य पदक के मुकाबले में कजाकिस्तान के नाचिन कुलार से भिड़ेंगे।

वहीं विशाल कालीरामन का सामना कजाकिस्तान के ओस्सुमझान दस्तानबेक से तीसरे स्थान के मुकाबले में होगा।

महिला पहलवान भी आज से दिखाएंगी दम

गुरुवार से प्रतियोगिता में पुरुषों के 79, 92, 97 और 125 किलोग्राम वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे।

इसी दिन भारतीय महिला पहलवानों का अभियान भी शुरू होगा, जिसमें 50 और 55 किलोग्राम वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

भारतीय पदक विजेता

स्वर्ण पदक (57 किग्रा फ्रीस्टाइल): अमन सहरावत (जॉर्जिया के रोबर्टी डिंगाशविली को 13-3 से हराया)

कांस्य पदक (61 किग्रा फ्रीस्टाइल): दीपक (अजरबैजान के नूरद्दीन नोवरुजोव को 9-8 से हराया)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story