डीसी के फाइनल में पहुंचने के बाद बोलीं चिनेल हेनरी-स्पष्ट सोच और संयम ही हमारी ताकत रही

WhatsApp Channel Join Now
डीसी के फाइनल में पहुंचने के बाद बोलीं चिनेल हेनरी-स्पष्ट सोच और संयम ही हमारी ताकत रही


डीसी के फाइनल में पहुंचने के बाद बोलीं चिनेल हेनरी-स्पष्ट सोच और संयम ही हमारी ताकत रही


वडोदरा, 04 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स को सात विकेट से हराकर लगातार चौथी बार फाइनल में जगह बना ली। बीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 26 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की और खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से भिड़ने का टिकट कटाया।

मैच के बाद दिल्ली कैपिटल्स की ऑलराउंडर चिनेल हेनरी ने टीम की सोच और रणनीति पर खुलकर बात की।

उन्होंने कहा,“मैच से पहले हमने आपस में बातचीत की थी कि हमें किस तरह खेलना है। पिछले मुकाबलों में गुजरात के खिलाफ हम करीबी मैच हार गए थे, लेकिन इस बार हमारा फोकस साफ दिमाग और शांति बनाए रखने पर था।”

डीसी ने 169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लिज़ेल ली (43 रन, 24 गेंद) और शेफाली वर्मा (31 रन, 21 गेंद) की विस्फोटक 89 रन की ओपनिंग साझेदारी ने दिल्ली की जीत की नींव रखी। इसके बाद मिडिल ऑर्डर ने बिना किसी दबाव के टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

हेनरी ने कहा,“हमारी योजना बिल्कुल साफ थी और हमें अपनी ताकतों पर भरोसा था। शेफाली और लिज़ेल कितनी खतरनाक हो सकती हैं, यह हम जानते हैं। स्कोर चाहे जो भी हो, हमें बस अपना खेल खेलना था।”

इससे पहले दिल्ली के गेंदबाजों ने गुजरात जायंट्स पर लगातार दबाव बनाए रखा। चिनेल हेनरी ने 3 विकेट चटकाए, जबकि नंदिनी शर्मा ने 2 अहम विकेट लेकर गुजरात की रन गति पर ब्रेक लगाया।

नंदिनी शर्मा ने इस प्रदर्शन के साथ एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। वह एक डब्ल्यूपीएल सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज बन गईं। 2026 सीजन में उनके नाम अब 16 विकेट हो चुके हैं और वह पर्पल कैप की दौड़ में भी बनी हुई हैं।

टीम के भीतर माहौल पर बात करते हुए हेनरी ने कहा,“हम एक-दूसरे पर पूरा भरोसा करते हैं। चाहे बल्लेबाजी में लिज़ेल, शेफाली, जेमिमा या लॉरा हों, या फिर हम गेंदबाज—हर किसी को पता था कि उसे क्या करना है।”

उन्होंने नेतृत्व को लेकर कहा कि गेंदबाजी यूनिट के बीच लगातार बातचीत होती रहती है।

उन्होंने कहा, “जेमिमा रोड्रिग्स हमेशा चर्चा के लिए तैयार रहती हैं। मारिज़ान काप के साथ पावरप्ले साझा करना खास है। हम लगातार योजनाओं पर बात करते रहते हैं।”

अपने ऑलराउंड योगदान पर हेनरी ने कहा कि वह जिस भी भूमिका में टीम की मदद कर सकें, वही उनके लिए सबसे अहम है।

उन्होंने कहा, “गुजरात के खिलाफ जीत मिली है, लेकिन सबसे बड़ा मैच अभी बाकी है। हमारा पूरा फोकस अब फाइनल पर है और हम डब्ल्यूपीएल चैंपियन बनने के आखिरी कदम पर नजर लगाए हुए हैं।”

दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच डब्ल्यूपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को खेला जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story