पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी जिम्बाब्वे महिला टीम, खेलेगी छह मैचों की सफेद गेंद सीरीज

WhatsApp Channel Join Now
पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी जिम्बाब्वे महिला टीम, खेलेगी छह मैचों की सफेद गेंद सीरीज


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)।जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम अपने इतिहास में पहली बार पाकिस्तान दौरे पर जाने के लिए तैयार है, जहां वह तीन एकदिवसीय और तीन टी20 मुकाबलों की श्रृंखला खेलेगी। यह सभी मुकाबले कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।

तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला 3 मई से शुरू होगी, जो आईसीसी महिला चैम्पियनशिप 2025-29 का हिस्सा है। इसके बाद 12 मई से टी20 श्रृंखला खेली जाएगी।

पाकिस्तान महिला टीम इस समय महिला चैम्पियनशिप तालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम को हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं जिम्बाब्वे महिला टीम सातवें स्थान पर है और उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला में हार मिली थी।

जिम्बाब्वे टीम 29 अप्रैल को पाकिस्तान पहुंचेगी और श्रृंखला की तैयारियां शुरू करेगी।

कार्यक्रम इस प्रकार है:

एकदिवसीय सीरीज:-

3 मई: पहला एकदिवसीय मुकाबला

6 मई: दूसरा एकदिवसीय मुकाबला

9 मई: तीसरा एकदिवसीय मुकाबला

टी 20 सीरीज:-

12 मई: पहला टी20 मुकाबला

14 मई: दूसरा टी20 मुकाबला

15 मई: तीसरा टी20 मुकाबला

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story