जिम्बाब्वे टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तानी महिला टीम घोषित, अंबर कायनात नया चेहरा
कराची, 09 मई (हि.स.)। अंबर कायनात को जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए पहली बार पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। कप्तान फातिमा सना की अगुवाई वाली 15 सदस्यीय टीम में अंबर के अलावा सायरा जबीन दूसरी अनकैप्ड खिलाड़ी हैं।
तेज गेंदबाज अंबर कायनात को हाल ही में संपन्न राष्ट्रीय महिला टी20 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने इनविंसिबल्स टीम की ओर से खेलते हुए आठ मैचों में 11 विकेट हासिल किए थे।
पाकिस्तान की टीम काफी हद तक उसी संयोजन पर आधारित है, जिसने फरवरी में दक्षिण अफ्रीका का दौरा किया था। हालांकि अनुभवी बल्लेबाज सिदरा अमीन को मुख्य टीम में जगह नहीं मिली है और उन्हें रिजर्व खिलाड़ियों में रखा गया है। तेज गेंदबाज डायना बेग भी रिजर्व सूची में शामिल हैं।
ऑफ स्पिनर रमीन शमीम चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी कर रही हैं। चोट के कारण वह दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर हो गई थीं। उनकी जगह उस दौरे पर शामिल की गई उम्म-ए-हानी को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। हुमना बिलाल को भी बाहर रखा गया है।
पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच पहला टी20 मैच 12 मई को खेला जाएगा, जबकि बाकी दो मुकाबले 14 और 15 मई को होंगे। सीरीज के सभी मैच कराची के नेशनल स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।
जिम्बाब्वे सीरीज के लिए पाकिस्तान महिला टीम:
फातिमा सना (कप्तान), अंबर कायनात, आलिया रियाज, आयशा जफर, एमन फातिमा, गुल फिरोजा, इरम जावेद, मुनीबा अली, नशरा संधू, नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सादिया इकबाल, सायरा जबीन, तस्मिया रुबाब और टुबा हसन।
रिजर्व खिलाड़ी:
डायना बेग, मोमिना रियासत, सदफ शमास, सिदरा अमीन और सैयदा अरूब शाह।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

