आईओए ने आईडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप-2029 की मेजबानी अहमदाबाद को मिलने पर जताई खुशी

WhatsApp Channel Join Now
आईओए ने आईडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप-2029 की मेजबानी अहमदाबाद को मिलने पर जताई खुशी


- भारत पहली बार इस वैश्विक वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा

नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने 2029 में होने वाली इंटरनेशनल वेटलिफ्टिंग फेडरेशन (आईडब्ल्यूएफ) वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी गुजरात के अहमदाबाद को सौंपने के फैसले का स्वागत किया है। यह पहली बार होगा जब यह वैश्विक वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप भारत में आयोजित की जाएगी।

आईडब्ल्यूएफ ने 25 अक्टूबर को चीन के निंगबो में हुई अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद अहमदाबाद को मेजबानी सौंपने की पुष्टि की। यह घोषणा भारत के अंतरराष्ट्रीय खेल कैलेंडर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गुजरात में वेटलिफ्टिंग के लिए यह साल काफी अहम रहा है, क्योंकि इससे पहले 2026 में गांधीनगर ने एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप की मेजबानी की थी।

अहमदाबाद 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेल की भी मेजबानी करने जा रहा है। ऐसे में आईडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप भारत को दुनिया के बेहतरीन एथलीटों और प्रशंसकों का स्वागत करने का एक और मौका देगी। साथ ही यह पहली बार होगा जब वेटलिफ्टिंग की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में से एक भारतीय दर्शकों के सामने आयोजित की जाएगी।

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने कहा कि आईडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप का अहमदाबाद आना भारतीय खेलों के लिए गर्व का क्षण और भारत के लिए दुनिया का स्वागत करने का एक और अवसर है। भारतीय वेटलिफ्टिंग ने हमें शानदार चैंपियन दिए हैं, जिनमें ओलंपिक पदक विजेता और विश्व चैंपियन मीराबाई चानू शामिल हैं, जिनकी उपलब्धियों ने पूरे देश में कई लोगों को प्रेरित किया है। दुनिया के बेहतरीन वेटलिफ्टरों को भारत लाने से नई पीढ़ी को उन्हें अपने ही देश में मुकाबला करते देखने का मौका मिलेगा। मुझे उम्मीद है कि इससे कई और युवा भारतीय इस खेल को अपनाने और सर्वोच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का सपना देखने के लिए प्रेरित होंगे।

इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के अध्यक्ष सहदेव यादव ने कहा, “भारत में पहली बार आईडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी करना भारतीय वेटलिफ्टिंग के लिए एक अहम पड़ाव है। इस चैंपियनशिप में भारत का इतिहास गौरवपूर्ण रहा है, भारत ने 18 मेडल जीते हैं, जिनमें तीन वर्ल्ड टाइटल भी शामिल हैं। 2029 का आयोजन हमें इस विरासत को आगे बढ़ाने, भारत में इस खेल को मजबूत करने और अपने एथलीटों को घरेलू दर्शकों के सामने सबसे ऊंचे स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अनुभव देने का मौका देता है। हम अहमदाबाद में अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग समुदाय का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767707 Articles

Share this story