प्राइम वॉलीबॉल लीग का पांचवां सत्र 30 नवंबर से, अहमदाबाद करेगा मेजबानी

WhatsApp Channel Join Now
प्राइम वॉलीबॉल लीग का पांचवां सत्र 30 नवंबर से, अहमदाबाद करेगा मेजबानी


नई दिल्ली, 02 नवंबर (हि.स.)। प्राइम वॉलीबॉल लीग (पीवीएल) का पांचवां सत्र 30 नवंबर से अहमदाबाद में आयोजित किया जाएगा। शहर के नारनपुरा स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाली इस महीने भर की प्रतियोगिता में भारत के प्रमुख वॉलीबॉल खिलाड़ियों के साथ अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

अहमदाबाद में इस प्रतियोगिता का आयोजन ऐसे समय हो रहा है, जब शहर 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों में जुटा है और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दावेदारी भी कर रहा है। वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को शहर के अंतरराष्ट्रीय खेल बुनियादी ढांचे के हिस्से के रूप में विकसित किया गया है। यह परिसर देश की प्रमुख पेशेवर वॉलीबॉल लीग की मेजबानी करेगा।

पीवीएल की शुरुआत से ही हर सत्र को अलग-अलग शहरों में आयोजित किया जाता रहा है। इसका उद्देश्य देशभर में वॉलीबॉल की पहुंच बढ़ाना और नए दर्शकों को इस खेल से जोड़ना है। लीग का पांचवां सत्र भारतीय वॉलीबॉल को मिल रही अंतरराष्ट्रीय पहचान के बीच आयोजित हो रहा है। इसी साल अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ (एफआईवीबी) ने पीवीएल को भारत की पहली डिवीजन पेशेवर वॉलीबॉल लीग के रूप में मान्यता दी है।

भारतीय पुरुष राष्ट्रीय टीम ने भी एफआईवीबी रैंकिंग में उल्लेखनीय प्रगति की है। टीम विश्व रैंकिंग में 60वें स्थान से 42वें स्थान पर पहुंच गई है। 2026 एशियाई खेलों, एवीसी कॉन्टिनेंटल कप और अहमदाबाद में आयोजित जापान एवं एवीसी पुरुष कप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अच्छे प्रदर्शन से टीम की रैंकिंग में सुधार हुआ है।

प्राइम वॉलीबॉल लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जॉय भट्टाचार्य ने कहा, “पांचवें सत्र को अहमदाबाद ले जाना भारत में पेशेवर वॉलीबॉल को बढ़ावा देने की हमारी यात्रा का एक महत्वपूर्ण कदम है। हमने हर सत्र में लीग को अलग-अलग शहरों में आयोजित करने का फैसला किया है, ताकि नए दर्शकों तक पहुंच बनाई जा सके और इस खेल का विस्तार हो। अहमदाबाद की बढ़ती खेल महत्वाकांक्षाओं और भारतीय पुरुष राष्ट्रीय टीम की प्रगति को देखते हुए यह इस शहर में पीवीएल के आयोजन का उपयुक्त समय है।”

अहमदाबाद डिफेंडर्स के मालिक प्रवीण चौधरी ने कहा कि हमें अहमदाबाद में प्राइम वॉलीबॉल लीग का स्वागत करते हुए बेहद गर्व हो रहा है। शहर बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है और विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का विकास कर रहा है। ऐसे में वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पीवीएल का आयोजन शहर की खेल क्षमताओं को प्रदर्शित करने का एक और शानदार अवसर है। हम देशभर की टीमों और प्रशंसकों का स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं।

बेसलाइन वेंचर्स के प्रबंध निदेशक एवं सह-संस्थापक और प्राइम वॉलीबॉल लीग के निदेशक तुहिन मिश्रा ने कहा कि एफआईवीबी की मान्यता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय पुरुष टीम की प्रगति से देश में वॉलीबॉल को लेकर उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि लीग का लक्ष्य पेशेवर वॉलीबॉल व्यवस्था को मजबूत करना, भारतीय खिलाड़ियों के लिए अवसर तैयार करना और इस खेल की पहुंच का विस्तार करना है। अहमदाबाद इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

पांचवें सत्र में कुल 10 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। इनमें अहमदाबाद डिफेंडर्स, बेंगलुरु टॉरपीडोज, कालीकट हीरोज, चेन्नई ब्लिट्ज, दिल्ली तूफान्स, गोवा गार्डियंस, कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स, कोलकाता थंडरबोल्ट्स, मुंबई मीटियर्स और तेलुगु ब्लैक हॉक्स शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story