प्राइम वॉलीबॉल लीग: दिल्ली तूफांस ने फैबियो मेंटा को बनाया मुख्य कोच

WhatsApp Channel Join Now
प्राइम वॉलीबॉल लीग: दिल्ली तूफांस ने फैबियो मेंटा को बनाया मुख्य कोच


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली तूफांस ने प्राइम वॉलीबॉल लीग के पांचवें सत्र के लिए फैबियो मेंटा को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। लीग का पांचवां सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। यह नियुक्ति पांचवें सत्र की खिलाड़ी नीलामी पूरी होने के बाद की गई है।

मेंटा के आने से टीम को तकनीकी और रणनीतिक स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब प्राइम वॉलीबॉल लीग को अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ ने भारत की पहली श्रेणी की पेशेवर वॉलीबॉल लीग के रूप में मान्यता दी है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो दशक से अधिक का कोचिंग अनुभव रखने वाले मेंटा ने यूरोप, एशिया और ओशिनिया में पेशेवर क्लबों, राष्ट्रीय टीमों और अंतरराष्ट्रीय विकास कार्यक्रमों के साथ काम किया है। वह अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ के लेवल-2 कोच हैं और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति, अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल महासंघ तथा ओशिनिया वॉलीबॉल से जुड़े कोच प्रशिक्षक भी हैं।

मेंटा को इंडोर और बीच वॉलीबॉल दोनों में विशेषज्ञता हासिल है। उनके करियर की प्रमुख उपलब्धियों में बहामास में राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीतना, इटालियन कप में कांस्य पदक और फिनलैंड के सुओमेन कप में कांस्य पदक शामिल हैं।

हाल के वर्षों में उन्होंने 2025 फिलीपीन प्रो लीग में क्रीमलाइन के तीन खिताब जीतने वाले अभियान में योगदान दिया। उन्होंने 2026 में ज़ेडयूएस कॉफी को रजत पदक दिलाने में भी भूमिका निभाई और लेट्रान कॉलेज की एनसीएए खिताब जीतने वाली टीम के रणनीतिकार रहे।

मेंटा ‘द साइंस ऑफ मॉडर्न वॉलीबॉल’ के संस्थापक भी हैं। यह एक शैक्षणिक मंच है, जो वॉलीबॉल की तकनीक, कौशल और आधुनिक रणनीतियों के विश्लेषण के साथ कोच और खिलाड़ियों के विकास पर काम करता है।

दिल्ली तूफांस ने 2024 में अपने पदार्पण सत्र में प्राइम वॉलीबॉल लीग के फाइनल में जगह बनाकर अपनी मजबूत प्रतिस्पर्धी क्षमता का परिचय दिया था। अब टीम उस शुरुआती सफलता को लगातार बेहतर प्रदर्शन में बदलने की कोशिश करेगी।

मेंटा ने कहा, “दिल्ली तूफांस से जुड़कर मुझे बेहद खुशी हो रही है। टीम ने पहले ही प्राइम वॉलीबॉल लीग के फाइनल में पहुंचकर अपनी क्षमता दिखाई है और यह आगे की तैयारी के लिए मजबूत आधार है। मैं खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं। हमारा ध्यान तकनीकी अनुशासन, रणनीतिक समझ, शारीरिक तैयारी और मजबूत टीम भावना के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर रहेगा।”

उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां खिलाड़ी लगातार सुधार कर सकें, आत्मविश्वास के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकें और टीम के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। मैं आगामी सत्र और दिल्ली तूफांस की महत्वाकांक्षाओं में योगदान देने के अवसर को लेकर उत्साहित हूं।”

टीम के गठन के बाद अब दिल्ली तूफांस का ध्यान खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल, रणनीति को मजबूत करने और नए सत्र की चुनौतियों के लिए तैयारी पर रहेगा। भारतीय वॉलीबॉल में बढ़ते पेशेवरकरण और अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव के बीच टीम अपनी प्रतिस्पर्धी पहचान को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story