एशियाई खेल : मानुष शाह-दीया चितले ने जीता कांस्य, भारत के पदक 20 हुए

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल : मानुष शाह-दीया चितले ने जीता कांस्य, भारत के पदक 20 हुए


आइची-नगोया, 25 सितंबर (हि.स.)। भारत के मानुष शाह और दीया चितले ने एशियाई खेल-2026 में मिश्रित युगल टेबल टेनिस में कांस्य पदक जीतकर देश की पदक संख्या 20 पहुंचा दी। भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल में चीन की वांग चुकिन और सुन यिंगशा के खिलाफ 8-11, 5-11, 8-11, 2-11 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने के कारण उनका कांस्य पदक पक्का हो गया था।

मानुष और दीया की जोड़ी ने एशियाई खेलों के मिश्रित युगल टेबल टेनिस में भारत को दूसरी बार पदक दिलाया है। इससे पहले 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में शरत कमल और मनिका बत्रा ने इस स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

मानुष और दीया अक्टूबर, 2023 से साथ खेल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों के जोड़ीदार बदलने के बावजूद दोनों ने लगातार एक-दूसरे के साथ खेलने का सिलसिला जारी रखा है। बाएं हाथ से खेलने वाले मानुष और दाएं हाथ की दीया की खेल शैली एक-दूसरे की पूरक है। मानुष दोनों तरफ से आक्रामक खेल के लिए जाने जाते हैं, जबकि दीया रैलियों में मौके बनाकर मानुष को अंक पूरा करने का अवसर देती हैं।

यह पदक मानुष के करियर के मजबूत दौर में आया है। वह वर्तमान में विश्व रैंकिंग में भारत के शीर्ष पुरुष एकल खिलाड़ी हैं और 43वें स्थान पर हैं।

एशियाई खेलों में पदक जीतने के बाद दोनों की नजर अब 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक की तैयारियों पर होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story