वियना ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे ज्वेरेव, पहली बार विश्व नंबर एक बनना सुनिश्चित

WhatsApp Channel Join Now
वियना ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे ज्वेरेव, पहली बार विश्व नंबर एक बनना सुनिश्चित


वियना ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे ज्वेरेव, पहली बार विश्व नंबर एक बनना सुनिश्चित


वियना, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जर्मनी के स्टार टेनिस खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने वियना ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के साथ ही पहली बार विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करना सुनिश्चित कर लिया है। गुरुवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल में ज्वेरेव ने नीदरलैंड के टालोन ग्रिक्सपुर को 6-4, 7-5 से हराया।

सोमवार को जारी होने वाली नई रैंकिंग में वह इटली के यानिक सिनर को पीछे छोड़कर दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बन जाएंगे।

29 वर्षीय ज्वेरेव फ्रेंच ओपन और अमेरिकी ओपन के खिताब जीतने के बाद शानदार लय में हैं। वह 1991 में बोरिस बेकर के बाद विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले जर्मनी के दूसरे पुरुष टेनिस खिलाड़ी होंगे। वर्ष 1973 में विश्व रैंकिंग शुरू होने के बाद शीर्ष स्थान पर पहुंचने वाले वह 30वें पुरुष खिलाड़ी बनेंगे।

ग्रिक्सपुर के खिलाफ ज्वेरेव ने दमदार खेल दिखाया। उन्होंने लगातार दो सेट जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। मैच का अंत उन्होंने ऐस लगाकर किया। इस उपलब्धि के बाद कोर्ट पर विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उनकी टीम के साथ ऑस्ट्रिया के पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी थॉमस मस्टर भी मौजूद रहे।

ज्वेरेव ने कहा कि दुनिया के शीर्ष पर पहुंचने का एहसास बेहद खास है। किसी टूर्नामेंट का खिताब जीतने से यह उपलब्धि अलग है। उन्होंने कहा कि नई रैंकिंग जारी होने पर अपने नाम के आगे नंबर एक देखना उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा।

ज्वेरेव ने यह भी स्वीकार किया कि सिनर और कार्लोस अल्काराज की चोटों ने उन्हें शीर्ष स्थान तक पहुंचने में कुछ मदद की। सिनर ने घुटने की चोट से उबरने के लिए अक्टूबर की शुरुआत में ही अपना सत्र समाप्त करने का फैसला किया था। वहीं, विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर मौजूद अल्काराज ने गुरुवार को वियना ओपन में निकोलोज बासिलाश्विली को 6-1, 7-6 (11) से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

ज्वेरेव इससे पहले 2022 में फ्रेंच ओपन के दौरान भी विश्व नंबर एक बनने के करीब पहुंचे थे, लेकिन राफेल नडाल के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में उनके टखने के लिगामेंट में चोट लग गई थी। इसके कारण उन्हें पूरे शेष सत्र से बाहर होना पड़ा था।

ज्वेरेव ने कहा कि उन्हें इस उपलब्धि के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा, लेकिन जीवन की सबसे अच्छी चीजों के लिए कभी-कभी इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने अपने शानदार वर्ष के लिए आभार जताते हुए कहा कि वह इस उपलब्धि से बेहद खुश और उत्साहित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769132 Articles

Share this story