इगा स्वियातेक ने जीता 2026 का पहला खिताब, कनाडियन ओपन अपने नाम किया

WhatsApp Channel Join Now
इगा स्वियातेक ने जीता 2026 का पहला खिताब, कनाडियन ओपन अपने नाम किया


टोरंटो, 14 अगस्त (हि.स.)। पोलैंड की छह बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन इगा स्वियातेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2026 सत्र का अपना पहला खिताब जीत लिया। स्वियातेक ने गुरुवार को कनाडियन ओपन के फाइनल में विश्व नंबर दो एलेना रायबाकिना को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से हराया।

पेरिस 2024 ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता स्वियातेक ने मुकाबले की शुरुआत से ही रायबाकिना पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने पहले सेट में मिले दोनों ब्रेक प्वाइंट का फायदा उठाया, जबकि अपनी सर्विस पर रायबाकिना को मिले दोनों ब्रेक प्वाइंट बचा लिए।

दूसरे सेट में भी स्वियातेक का दबदबा जारी रहा। उन्होंने अपनी सर्विस पर एक भी ब्रेक प्वाइंट नहीं आने दिया और मिले तीन मौकों में से दो को भुनाते हुए केवल 75 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

खिताब जीतने के बाद स्वियातेक ने कहा, “मैं यह खिताब उन सभी लोगों को समर्पित करना चाहती हूं, जो अनुचित आलोचना और नफरत का सामना कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “बस आगे बढ़ते रहिए, लगातार सुधार करते रहिए और खुद पर ध्यान केंद्रित रखिए, क्योंकि आप जानते हैं कि आपके लिए सबसे अच्छा क्या है। हमेशा याद रखिए कि आगे क्या है और क्या संभव हो सकता है।”

रायबाकिना के खिलाफ फिर मिली जीत

इस जीत के साथ स्वियातेक ने रायबाकिना के खिलाफ अपने करियर के मुकाबलों में बढ़त 7-6 कर ली। उन्होंने रायबाकिना के खिलाफ लगातार दो हार के बाद जीत दर्ज की।

दोनों खिलाड़ी दूसरी बार किसी फाइनल में आमने-सामने थीं और दोनों ही मौकों पर स्वियातेक ने सीधे सेटों में जीत दर्ज की है। डब्ल्यूटीए फाइनल में उनका रिकॉर्ड अब 26-5 हो गया है।

12वां डब्ल्यूटीए 1000 खिताब

टोरंटो में खिताबी जीत स्वियातेक का 12वां डब्ल्यूटीए 1000 खिताब है। इसके साथ ही उन्होंने आर्यना सबालेंका के 11 डब्ल्यूटीए 1000 खिताबों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में अब उनसे आगे केवल अमेरिका की दिग्गज सेरेना विलियम्स हैं, जिनके नाम 13 खिताब हैं।

स्वियातेक ने कनाडियन ओपन में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी।

पहले मुकाबले में उन्होंने एक सेट 6-0 से जीता और शुरुआती दो मुकाबलों में कुल सिर्फ छह गेम गंवाए। अंतिम-16 में मार्ता कोस्त्युक के खिलाफ वापसी करते हुए जीत दर्ज करने के बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में डायना श्नाइडर को 6-1, 6-2 से हराया।

सेमीफाइनल में स्वियातेक ने एलिना स्वितोलिना को तीन सेटों में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। इस जीत के साथ उन्होंने इस सत्र में स्वितोलिना के खिलाफ मिली दो पिछली तीन सेटों की हार का भी बदला लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story