घुटने की चोट के कारण 2026 के बाकी सत्र से बाहर हुए विश्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी सिनर
नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने मंगलवार को दाहिने घुटने की चोट के कारण 2026 सत्र के बाकी बचे टूर्नामेंटों से हटने की घोषणा की। 25 वर्षीय इटली के सिनर ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में यह जानकारी दी।
सिनर ने कहा, “मुझे अपने घुटने के इलाज का एक चरण पूरा करना है, जिसका मतलब है कि 2026 सत्र आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है।”
सिनर जुलाई में लगातार दूसरी बार विंबलडन खिताब जीतने के बाद से ही प्रतिस्पर्धी टेनिस से दूर हैं। घुटने की चोट के कारण अब वह इस सत्र में दोबारा कोर्ट पर नहीं उतरेंगे।
सत्र के बाकी हिस्से से हटने के फैसले का मतलब है कि सिनर सत्र के अंत में तूरिन में होने वाले एटीपी फाइनल्स में लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की कोशिश भी नहीं कर पाएंगे। सिनर ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों, खासकर तूरिन में सत्र के अंत ने मुझे बहुत खूबसूरत एहसास और भावनाएं दी हैं। इस साल चीजें काफी अलग होने वाली हैं लेकिन इस समय मुझे अपने लंबे करियर के बारे में भी सोचना होगा।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

