चोटिल होल्गर रून अमेरिकी ओपन 2026 से हटे

WhatsApp Channel Join Now
चोटिल होल्गर रून अमेरिकी ओपन 2026 से हटे


न्यूयॉर्क, 22 अगस्त (हि.स.)। डेनमार्क के स्टार टेनिस खिलाड़ी होल्गर रून ने एड़ी की चोट से उबरने के बाद सीधे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट से प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी नहीं करने का फैसला किया है। इसी कारण उन्होंने आगामी अमेरिकी ओपन 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है।

23 वर्षीय रून 2025 में स्टॉकहोम सेमीफाइनल के दौरान एड़ी के पिछले हिस्से की चोट से जूझे थे और तब से उन्होंने कोई प्रतिस्पर्धी मुकाबला नहीं खेला है।

रून ने सोशल मीडिया पर कार्लोस अल्काराज और अपनी टीम के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “मैं अपनी प्रगति और अपने स्तर से बहुत खुश हूं। हम लगातार मेहनत कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरी टीम और मैंने फैसला किया है कि वापसी के लिए मेरा पहला टूर्नामेंट कोई ग्रैंड स्लैम नहीं होगा। अमेरिकी ओपन, अगले साल मिलते हैं। आप सभी से जल्द मिलने का इंतजार नहीं कर सकता।”

फाकुंदो डियाज अकॉस्ता को मिलेगा मौका

अमेरिकी ओपन आयोजकों ने बताया कि मुख्य ड्रॉ में रून की जगह अर्जेंटीना के फाकुंदो डियाज अकॉस्ता को शामिल किया जाएगा।

रून के अलावा दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल जैनिक सिनर भी चोट के कारण अमेरिकी ओपन से हट चुके हैं। वहीं, कार्लोस अल्कराज ने कलाई की चोट से उबरने के बाद अमेरिकी ओपन में प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story