कतर ओपन: वर्ल्ड नंबर 1 कार्लोस अल्कराज़ ने डिफेंडिंग चैंपियन आंद्रेई रुबलेव को हराकर फाइनल में बनाई जगह
दोहा, 21 फ़रवरी (हि.स.)। कतर ओपन टेनिस टूर्नामेंट में वर्ल्ड नंबर 1 स्पेन के कार्लोस अल्कराज़ ने शुक्रवार रात डिफेंडिंग चैंपियन आंद्रेई रुबलेव को 7-6(3), 6-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वर्ष 2026 में अल्कराज़ की यह लगातार 11वीं जीत है। पिछले 13 टूर्नामेंट में यह उनका 12वां फाइनल है, जो उनकी निरंतरता और शानदार फॉर्म को दर्शाता है।
पहले सेट में रुबलेव ने कड़ी टक्कर दी। 0-3 से पिछड़ने के बाद उन्होंने मुकाबले को टाईब्रेक तक पहुंचाया, लेकिन बैकहैंड पर की गई 14 अनफोर्स्ड गलतियां उनके लिए नुकसानदायक साबित हुईं। टाईब्रेक में अल्कराज़ ने संयम बनाए रखा और 6-3 की बढ़त हासिल की। इसी दौरान निराश रुबलेव ने गुस्से में अपना रैकेट घुटने पर मार दिया, जिससे उसकी स्ट्रिंग भी टूट गई। अंततः अल्कराज़ ने शानदार फोरहैंड के साथ पहला सेट अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में अल्कराज़ ने दो बार सर्विस ब्रेक कर 5-3 की बढ़त बनाई और मैच जीतने के लिए सर्व कर रहे थे। हालांकि रुबलेव ने तीन मैच प्वाइंट बचाते हुए वापसी की कोशिश की, लेकिन अल्कराज़ ने अगली ही गेम में फिर ब्रेक हासिल कर लिया। छठे मैच प्वाइंट पर रुबलेव का बैकहैंड बाहर चला गया और अल्कराज़ ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
22 वर्षीय अल्कराज़ ने मैच के बाद कहा कि उन्हें अपनी क्षमताओं पर पूरा भरोसा है और हर मुकाबले में बेहतर बनने की कोशिश ही उनकी सफलता का आधार है। हाल के चार ग्रैंड स्लैम में वे फाइनल तक पहुंचे हैं और उनमें से तीन खिताब जीत चुके हैं।
दूसरे सेमीफाइनल में याकुब मेन्सिक का सामना आर्थर फिल्स से होगा। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां अल्कराज़ खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

