मियामी ओपन 2026: यानिक सिनर का दमदार प्रदर्शन, टियाफो को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
मियामी ओपन 2026: यानिक सिनर का दमदार प्रदर्शन, टियाफो को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे


मियामी, 27 मार्च (हि.स.)। विश्व नंबर-2 इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने शानदार खेल दिखाते हुए मियामी ओपन 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने गुरुवार को खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में मेजबान अमेरिका के फ्रांसेस टियाफो को एकतरफा अंदाज में 6-2, 6-2 से हराया।

सिनर ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा और टियाफो को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने अपने सर्विस गेम में महज 9 अंक गंवाए और सिर्फ 71 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही सिनर ने मियामी ओपन में चौथी बार अंतिम चार में जगह बनाई है और मास्टर्स 1000 स्तर पर लगातार 30 सेट जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।

मैच के बाद सिनर ने कहा कि शुरुआत में बढ़त लेना बेहद अहम होता है। उन्होंने कहा, “जब आप मैच की शुरुआत में ब्रेक हासिल कर लेते हैं तो आत्मविश्वास बढ़ जाता है। मैं पूरे मैच में शांत रहने और मौके का फायदा उठाने की कोशिश करता हूं, आज यही मेरी जीत की कुंजी रही।”

सिनर इस समय शानदार फॉर्म में हैं और ‘सनशाइन डबल’ (इंडियन वेल्स और मियामी ओपन दोनों खिताब जीतना) पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पहले वे इंडियन वेल्स खिताब अपने नाम कर चुके हैं।

अब सेमीफाइनल में सिनर का मुकाबला तीसरी वरीयता प्राप्त जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव या 18वीं वरीयता प्राप्त अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को सेरुंडोलो में से किसी एक से होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story