मियामी ओपन 2026: कोको गॉफ का शानदार प्रदर्शन, मुचोवा को हराकर फाइनल में पहुंचीं

WhatsApp Channel Join Now
मियामी ओपन 2026: कोको गॉफ का शानदार प्रदर्शन, मुचोवा को हराकर फाइनल में पहुंचीं


मैक्सिको सिटी, 27 मार्च (हि.स.)।

अमेरिका की स्टार टेनिस खिलाड़ी कोको गॉफ ने दमदार खेल दिखाते हुए मियामी ओपन 2026 के फाइनल में जगह बना ली है।

गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में गॉफ ने चेक गणराज्य की कैरोलिना मुचोवा को एकतरफा अंदाज में 6-1, 6-1 से हराया।

विश्व नंबर-4 गॉफ की शुरुआत भले ही धीमी रही और मुचोवा ने पहला गेम ब्रेक करते हुए बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद मुकाबले में गॉफ का पूरी तरह दबदबा देखने को मिला। उन्होंने तुरंत वापसी करते हुए स्कोर बराबर किया और फिर लगातार गेम जीतते हुए पहला सेट एकतरफा तरीके से अपने नाम कर लिया।

दूसरे सेट में भी मुचोवा लय हासिल नहीं कर सकीं। उनसे कई अनफोर्स्ड एरर हुए, जिसका पूरा फायदा उठाते हुए गॉफ ने तीन बार उनका सर्विस ब्रेक किया और मुकाबले को आसानी से जीत लिया। इस जीत के साथ गॉफ ने मुचोवा के खिलाफ अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 6-0 कर लिया है।

मुचोवा इस मुकाबले से पहले शानदार फॉर्म में थीं। उन्होंने इस सीजन दोहा में खिताब जीता था और मियामी ओपन के क्वार्टरफाइनल में विक्टोरिया म्बोको को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची थीं, लेकिन गॉफ के सामने उनका प्रदर्शन फीका रहा।

अब फाइनल में कोको गॉफ का मुकाबला वर्ल्ड नंबर-1 आर्यना सबालेंका से होगा, जहां दोनों खिलाड़ियों के बीच खिताब के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story