मैग्डा लिनेट ने जेनिस तेन को हराकर जीता चेन्नई ओपन का खिताब

WhatsApp Channel Join Now
मैग्डा लिनेट ने जेनिस तेन को हराकर जीता चेन्नई ओपन का खिताब


- चार साल बाद चेन्नई में अधूरा सपना किया पूरा, फाइनल में 5-7, 6-1, 6-4 से दर्ज की जीत

चेन्नई, 09 नवंबर (हि.स.)। पोलैंड की मैग्डा लिनेट ने शीर्ष वरीयता प्राप्त और मौजूदा चैंपियन इंडोनेशिया की जेनिस तेन को हराकर चेन्नई ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। सोमवार को खेले गए फाइनल में लिनेट ने 5-7, 6-1, 6-4 से जीत दर्ज की। बारिश और खराब मौसम के कारण यह मुकाबला एक दिन के लिए टाल दिया गया था।

दो घंटे 43 मिनट तक चले खिताबी मुकाबले में जीत के साथ लिनेट ने अपने करियर का चौथा डब्ल्यूटीए खिताब हासिल किया। इससे पहले उन्होंने 2019 में द ब्रॉन्क्स, 2020 में हुआ हिन और 2024 में प्राग में खिताब जीते थे।

लिनेट ने चार साल बाद चेन्नई में अपना अधूरा सपना भी पूरा किया। वह 2022 में इसी टूर्नामेंट के फाइनल में लिंडा फ्रुहविर्तोवा से हार गई थीं। उस मुकाबले के तीसरे सेट में लिनेट 4-1 से आगे थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें 4-6, 6-3, 6-4 से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उन्होंने खिताब जीतकर उस हार का हिसाब चुकता कर दिया।

चेन्नई में यह लिनेट का नौवां करियर फाइनल था। यह पहला टूर्नामेंट भी रहा, जिसमें उन्होंने एक से अधिक बार फाइनल में जगह बनाई। जेनिस तेन लगातार दूसरी बार चेन्नई ओपन का खिताब जीतने के इरादे से उतरी थीं। उन्होंने पिछले साल लिनेट को हराकर ही खिताब जीता था। तेन चेन्नई में लगातार दो बार चैंपियन बनने वाली पहली खिलाड़ी बनने की कोशिश में थीं, लेकिन लिनेट ने उनका यह सपना पूरा नहीं होने दिया।

लिनेट और तेन के बीच फाइनल मुकाबला मूल रूप से रविवार को होना था। हालांकि, बारिश और दीपावली के पटाखों से एसडीएटी टेनिस स्टेडियम के आसपास छाए घने धुएं के कारण मुकाबला शुरू नहीं हो सका। इसके बाद आयोजकों ने फाइनल सोमवार सुबह 11 बजे कराने का फैसला किया। आयोजकों ने आधिकारिक सूचना जारी कर बताया था कि आठ नवंबर के टिकट नौ नवंबर को भी प्रवेश के लिए मान्य रहेंगे।

इस बीच, रविवार को महिला युगल का फाइनल पूरा हुआ। स्विट्जरलैंड की नाइमा करामोको और सिमोना वाल्टर्ट की जोड़ी ने भारत की वैष्णवी अडकर और ऋतुजा भोसले को 6-2, 6-0 से हराकर पहली बार जोड़ी के रूप में खिताब जीता।

नाइमा और सिमोना पहली बार किसी टूर्नामेंट में साथ खेल रही थीं। उन्होंने प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त मोमोको कोबोरी और पेंगतार्न प्लिप्यूच की जोड़ी को हराया था।

वैष्णवी अडकर और ऋतुजा भोसले डब्ल्यूटीए टूर के युगल फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनी थीं। उन्होंने सेमीफाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त वेरोनिका फाल्कोव्स्का और अलाना स्मिथ की जोड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774470 Articles

Share this story