जोदार के दम पर स्पेन डेविस कप के सेमीफाइनल में, ब्रिटेन से होगा मुकाबला

WhatsApp Channel Join Now
जोदार के दम पर स्पेन डेविस कप के सेमीफाइनल में, ब्रिटेन से होगा मुकाबला


जोदार के दम पर स्पेन डेविस कप के सेमीफाइनल में, ब्रिटेन से होगा मुकाबला


ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराया, कार्लोस अल्कराज को मिला आराम

बोलोग्ना, 27 नवंबर (हि.स.)। राफेल जोदार ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए स्पेन को ऑस्ट्रिया के खिलाफ जीत दिलाई। इस जीत के साथ स्पेन ने डेविस कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली, जहां गुरुवार को उसका मुकाबला ब्रिटेन से होगा।

बोलोग्ना में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन ने 1-0 की बढ़त बना रखी थी। इसके बाद जोदार को ऑस्ट्रिया के यूरी रोडियोनोव के खिलाफ पहला सेट गंवाना पड़ा लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अगले दो सेट में केवल एक गेम गंवाया और 2-6, 6-0, 6-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ स्पेन ने क्वार्टर फाइनल भी जीत लिया।

20 वर्षीय जोदार ने मैच के बाद एक आधिकारिक बयान में कहा, मेरे लिए यह मुकाबला काफी मुश्किल था क्योंकि किसी भी टूर्नामेंट में शुरुआती मैच आसान नहीं होते। मैं अपनी लय हासिल नहीं कर पा रहा था। दूसरे सेट की शुरुआत में मैंने बेहतर, अधिक आक्रामक और बेसलाइन से अधिक मजबूत खेलना शुरू किया। मुझे लगता है कि इसी से मुझे मुकाबले में वापसी करने में मदद मिली।

इससे पहले डेनियल मेरिडा ने जोएल श्वार्जलर को 6-4, 6-4 से हराकर स्पेन को पहली जीत दिलाई थी। इस तरह मुकाबले में युगल मैच की जरूरत नहीं पड़ी और कार्लोस अल्कराज को आराम मिल गया।

मेरिडा ने कहा, स्पेन को पहला अंक दिलाना मेरे लिए शानदार अनुभव था। मुझे लगता है कि यहां हमारी टीम अच्छी है। आज मैं अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं खेल पाया लेकिन जीत हासिल करने में सफल रहा।

स्पेन के कप्तान डेविड फेरर ने कहा कि लगातार तीन व्यक्तिगत खिताब जीत चुके अल्कराज शनिवार को ब्रिटेन के खिलाफ एकल मुकाबले में उतर सकते हैं। इनमें पिछले सप्ताह जीता गया एटीपी फाइनल्स का खिताब भी शामिल है।

सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्कराज के खेलने की संभावना पर फेरर ने कहा, मैं शनिवार को देखूंगा। अभी मुझे नहीं पता है लेकिन हां, ऐसा संभव हो सकता है।

स्पेन की टीम सातवीं बार डेविस कप खिताब जीतने के इरादे से उतरी है। हालांकि, उसने आखिरी बार 2019 में यह खिताब जीता था, तब राफेल नडाल ने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783994 Articles

Share this story