फ्रेंच ओपन 2026: यानिक सिनर ने आसान जीत के साथ दूसरे दौर में बनाई जगह
पेरिस, 27 मई (हि.स.)। विश्व नंबर-1 इटली के यानिक सिनर ने फ्रेंच ओपन 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए फ्रांस के क्लेमेंट तबूर को सीधे सेटों में 6-1, 6-3, 6-4 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
दो बार के मौजूदा चैम्पियन कार्लोस अल्काराज चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं, ऐसे में सिनर को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है। कोर्ट फिलिप शात्रिए पर खेले गए मुकाबले में सिनर ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और अपने प्रतिद्वंद्वी को संभलने का मौका नहीं दिया।
24 वर्षीय सिनर इस मुकाबले में लगातार 29 मैचों की जीत के साथ उतरे थे। इस दौरान उन्होंने केवल तीन सेट गंवाए थे और इसी महीने सभी मास्टर्स 1000 खिताब पूरे करने की उपलब्धि भी हासिल की थी।
सिनर ने मैच की शुरुआत में ही तबूर की सर्विस तोड़कर 2-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने एक और ब्रेक हासिल करते हुए स्कोर 4-1 कर दिया। दमदार फोरहैंड विनर के साथ उन्होंने पहला सेट आसानी से अपने नाम किया।
दूसरे सेट में भी इतालवी खिलाड़ी ने शानदार नियंत्रण बनाए रखा और बिना ज्यादा परेशानी के सेट जीत लिया।
तीसरे सेट में फ्रांसीसी खिलाड़ी क्लेमेंट तबूर ने कुछ बेहतरीन शॉट लगाए और घरेलू दर्शकों का भरपूर समर्थन हासिल किया। विश्व रैंकिंग में 171वें स्थान पर मौजूद तबूर ने कुछ समय के लिए सिनर पर दबाव भी बनाया।
हालांकि, सिनर ने जल्द ही मैच पर दोबारा नियंत्रण स्थापित कर लिया। उनकी सटीक ग्राउंडस्ट्रोक्स और लगातार आक्रामक खेल के सामने तबूर ज्यादा देर टिक नहीं सके।
जीत के बाद यानिक सिनर ने कहा,“मैं यहां वापस आकर बेहद खुश हूं। इस कोर्ट से मेरी कई शानदार यादें जुड़ी हैं। पहले दौर के मुकाबले कभी आसान नहीं होते।”
उन्होंने फ्रांसीसी दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा, “समर्थन के लिए धन्यवाद। मुझे पता है कि मैं एक फ्रांसीसी खिलाड़ी के खिलाफ खेल रहा था, फिर भी दर्शकों ने निष्पक्षता दिखाई।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

