एटीपी रैंकिंग: आठ साल बाद टॉप-10 से बाहर हुए नोवाक जोकोविच, 12वें स्थान पर खिसके
नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)।
यूएस ओपन के पहले दौर में मिली चौंकाने वाली हार के बाद 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच सोमवार को जारी ताजा एटीपी रैंकिंग में शीर्ष-10 से बाहर हो गए। 39 वर्षीय जोकोविच अब विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर हैं।
जोकोविच को यूएस ओपन के पहले दौर में अर्जेंटीना के मारियानो नाओने ने चार घंटे 36 मिनट चले मुकाबले में 7-6(5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हराया। यह 2006 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद पहली बार था जब जोकोविच किसी ग्रैंड स्लैम के शुरुआती दौर में हारकर बाहर हुए।
चार बार के यूएस ओपन चैंपियन जोकोविच पिछले साल फ्लशिंग मीडोज में सेमीफाइनल तक पहुंचे थे, जहां उन्हें स्पेन के कार्लोस अल्कराज़ से हार मिली थी। इस साल अपने पिछले साल के रैंकिंग अंक का बचाव नहीं कर पाने के कारण उन्हें शीर्ष-10 से बाहर होना पड़ा।
जोकोविच ने 2007 में पहली बार एटीपी रैंकिंग के शीर्ष-10 में जगह बनाई थी। 2017 में विंबलडन क्वार्टर फाइनल के दौरान कोहनी की समस्या के कारण उन्हें मुकाबला छोड़ना पड़ा था और वह बाकी सत्र से बाहर रहे थे। इसके बाद नवंबर में वह शीर्ष-10 से बाहर हो गए थे। हालांकि, 2018 में घास के इस ग्रैंड स्लैम का चौथा खिताब जीतने के बाद उन्होंने फिर शीर्ष-10 में वापसी की थी।
जोकोविच के नाम एटीपी रैंकिंग इतिहास में विश्व नंबर-1 के रूप में सबसे अधिक 428 सप्ताह बिताने का रिकॉर्ड है।
शीर्ष-10 रैंकिंग
1. यानिक सिनर – 11,500 अंक
2. अलेक्जेंडर ज्वेरेव – 9,690 अंक
3. कार्लोस अल्कराज़ – 5,560 अंक
4. बेन शेल्टन – 4,680 अंक (+5)
5. फेलिक्स ऑजे-अलियासिम – 3,890 अंक (-1)
6. दानिल मेदवेदेव – 3,770 अंक (+2)
7. फ्लावियो कोबोली – 3,720 अंक (-1)
8. फ्रांसेस टियाफोए – 3,380 अंक (+4)
9. एलेक्स डी मिनौर – 3,300 अंक (-2)
10. टेलर फ्रिट्ज – 3,175 अंक
इस बदलाव के साथ अक्टूबर 2002 के बाद पहली बार एटीपी रैंकिंग के शीर्ष-10 में ‘बिग थ्री’ के किसी भी सदस्य का नाम नहीं है। रोजर फेडरर ने 2022 में संन्यास लिया था, जबकि 22 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन राफेल नडाल ने 2024 में पेशेवर टेनिस को अलविदा कह दिया था।
यूएस ओपन का अपना पहला खिताब जीतने वाले ज्वेरेव दूसरे स्थान पर कायम हैं, लेकिन उन्होंने शीर्ष स्थान पर मौजूद यानिक सिनर के साथ अंकों का अंतर कम कर दिया है। घुटने की चोट के कारण सिनर इस साल न्यूयॉर्क में नहीं खेले थे।
फाइनल में ज्वेरेव से हारने वाले बेन शेल्टन करियर की सर्वश्रेष्ठ चौथी रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। सेमीफाइनल में शेल्टन से हारने वाले फ्रांसेस टियाफोए भी 12वें से आठवें स्थान पर पहुंचकर करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंच गए।
यूएस ओपन के अंतिम-16 तक पहुंचने वाले दानिल मेदवेदेव आठवें से छठे स्थान पर पहुंच गए। वहीं फेलिक्स ऑजे-अलियासिम, फ्लावियो कोबोली और एलेक्स डी मिनौर की रैंकिंग में गिरावट हुई है।
भारतीय खिलाड़ियों की रैंकिंग
युगल: यूकी भांबरी 44वें, एन. श्रीराम बालाजी 49वें, निकी पूनाचा 87वें, अनिरुद्ध चंद्रशेखर 88वें, सिद्धांत बंठिया 116वें, अर्जुन कढ़े 142वें, ऋत्विक चौधरी बोल्लीपल्ली 154वें, रामकुमार रामनाथन 173वें, एन. विजय सुंदर प्रशांत 192वें और एस. डी. प्रज्वल देव 196वें स्थान पर हैं।
एकल: सुमित नागल 245वें, दक्षिणेश्वर सुरेश 364वें और मानस धामने 366वें स्थान पर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

