जूनियर डेविस कप फाइनल्स में भारत को अमेरिका, फ्रांस और कजाखस्तान के साथ ग्रुप डी में रखा गया

WhatsApp Channel Join Now
जूनियर डेविस कप फाइनल्स में भारत को अमेरिका, फ्रांस और कजाखस्तान के साथ ग्रुप डी में रखा गया


काहिरा, 02 नवंबर (हि.स.)। जूनियर डेविस कप फाइनल्स के लिए भारतीय अंडर-16 लड़कों की टीम को ग्रुप डी में अमेरिका, फ्रांस और कजाखस्तान के साथ रखा गया है। टूर्नामेंट सोमवार से मिस्र की राजधानी काहिरा में शुरू होगा। इसका आयोजन 2 से 8 नवंबर तक स्मैश स्पोर्टिंग क्लब में किया जाएगा।

भारत की ओर से ऋत्विक कटकम, रिभव सरोहा और तविश पाहवा इस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारतीय टीम ने कजाखस्तान के शिमकेंट स्थित बीलाइन एरिना में आयोजित एशिया-ओशिनिया फाइनल क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में चौथा स्थान हासिल कर जूनियर डेविस कप विश्व फाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया था।

जूनियर डेविस कप 16 वर्ष और उससे कम उम्र के लड़कों की प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टीम प्रतियोगिता है। इस बार 16 देशों की टीमें विश्व चैंपियन बनने के लिए मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता पहली बार अफ्रीका में आयोजित की जा रही है।

चार समूहों में बंटी टीमें

ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, मिस्र, सर्बिया और कनाडा को रखा गया है। ग्रुप बी में ब्राजील, स्पेन, हंगरी और मोरक्को शामिल हैं। ग्रुप सी में जापान, चेक गणराज्य, इटली और वेनेजुएला की टीमें हैं। ग्रुप डी में भारत के साथ अमेरिका, फ्रांस और कजाखस्तान हैं।

टूर्नामेंट के शुरुआती तीन दिनों में चार-चार टीमों के बीच राउंड रॉबिन आधार पर मुकाबले होंगे। इसके बाद एक दिन का विश्राम रहेगा और फिर नॉकआउट चरण शुरू होगा। प्रत्येक मुकाबले में दो एकल और एक युगल मैच खेले जाएंगे। सभी समूहों की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी, जबकि निचले दो स्थानों पर रहने वाली टीमें स्थान निर्धारण के मुकाबलों में हिस्सा लेंगी।

इस वर्ष प्रतियोगिता के मुकाबले क्ले कोर्ट पर खेले जाएंगे। काहिरा के पश्चिमी हिस्से में स्थित 20 एकड़ में फैला स्मैश स्पोर्टिंग क्लब 2023 से विश्व टेनिस टूर जूनियर्स जे500 काहिरा टूर्नामेंट की मेजबानी भी कर रहा है।

पिछले एक दशक में हंगरी, अमेरिका, तुर्किये, स्पेन और चिली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर चुके हैं। पिछली बार इसका आयोजन चिली की राजधानी सैंटियागो के एस्टाडियो नैशनल में क्ले कोर्ट पर हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story