डेविस कप क्वालीफायर: भारत पहले दिन दक्षिण कोरिया से 0-2 से पीछे, धाकिनेश्वर और नागल हारे

WhatsApp Channel Join Now
डेविस कप क्वालीफायर: भारत पहले दिन दक्षिण कोरिया से 0-2 से पीछे, धाकिनेश्वर और नागल हारे


डेविस कप क्वालीफायर: भारत पहले दिन दक्षिण कोरिया से 0-2 से पीछे, धाकिनेश्वर और नागल हारे


सियोल, 18 सितंबर (हि.स.)। डेविस कप क्वालीफायर के दूसरे दौर के मुकाबले में भारत पहले दिन मेजबान दक्षिण कोरिया से 0-2 से पीछे हो गया। सियोल ओलंपिक पार्क टेनिस सेंटर में शुक्रवार को धाकिनेश्वर सुरेश और सुमित नागल दोनों को तीन सेट के मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

दुनिया के 157वें नंबर के खिलाड़ी सूनवू क्वोन ने धीमी शुरुआत से उबरते हुए पहले एकल मुकाबले में दुनिया के 367वें नंबर के धाकिनेश्वर को 3-6, 6-3, 6-4 से हराया। यह धाकिनेश्वर की डेविस कप में पहली हार है। 26 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने पिछले साल स्विट्जरलैंड के खिलाफ पदार्पण करने के बाद डेविस कप में तीन एकल और एक युगल मुकाबला जीता था।

इसके बाद सुमित नागल को भी तीन घंटे छह मिनट तक चले मुकाबले में ह्योन चुंग के खिलाफ 2-6, 6-4, 7-5 से हार मिली। नागल ने पहला सेट जीतने के अलावा दूसरे सेट में एक ब्रेक की बढ़त भी हासिल की थी, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके।

2018 ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच चुके चुंग फिलहाल विश्व रैंकिंग में 549वें स्थान पर हैं और चोटों के कारण उनका करियर प्रभावित रहा है। नागल उनसे 300 से अधिक स्थान ऊपर हैं।

शनिवार को एन. श्रीराम बालाजी और निकी पूनाचा की जोड़ी युगल मुकाबले में जिसुंग नाम और उइसुंग पार्क की जोड़ी से भिड़ेगी। इसके बाद रिवर्स एकल मुकाबले खेले जाएंगे। भारत को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए शनिवार को अपने तीनों मुकाबले जीतने होंगे।

भारत 1996 के बाद पहली बार डेविस कप क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की कोशिश कर रहा है। डेविस कप इतिहास में भारत केवल दो बार 0-2 से पिछड़ने के बाद मुकाबला जीतने में सफल रहा है। भारत ने 2010 में चेन्नई में ब्राजील और 2018 में तियानजिन में चीन के खिलाफ ऐसी वापसी की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story