राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए 32 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की
नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने वाले 2026 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रविवार को 32 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम में 22 पुरुष और 10 महिला एथलीट शामिल हैं।
टीम में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता एवं स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा शामिल हैं। इसके अलावा एथलीट अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह, गुलवीर सिंह, तेजस शिरसे सहित कई खिलाड़ी शामिल हैं।
भारतीय पुरुष एथलीट में गुरिंदरवीर सिंह (100 मीटर), अनिमेश कुजूर (200 मीटर), गुलवीर सिंह (5000 मीटर/10,000 मीटर), तेजस अशोक शिर्से (110 मीटर बाधा दौड़), यशस पी और संतोष कुमार तमिलारसन (400 मीटर बाधा दौड़), सर्वेश अनिल कुशारे और आदर्श राम जे (ऊंची कूद), देव मीणा और कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट), श्रीशंकर एम और लोकेश सत्यानाथन (लंबी कूद), प्रवीण चित्रवेल और सेल्वा प्रभु (ट्रिपल जंप), समरदीप सिंह गिल और तजिंदरपाल सिंह तूर (शॉट पुट), नीरज चोपड़ा, रोहित यादव और यश वीर सिंह (भाला फेंक), तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन/ ऊंची कूद), विशाल टीके और राजेश रमेश (400 मीटर और 4x400 मीटर रिले) शामिल हैं।
महिला एथलीट में पारुल चौधरी (3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर), पूजा (ऊंची कूद), मनप्रीत कौर (शॉट पुट), सीमा और निधि रानी (डिस्कस थ्रो), रवीना और प्रियंका (10,000 मीटर रेस वॉक), अंसा बाबू, रशदीप कौर और नीरू पाठक (4x400 मीटर रिले स्पर्धा) को चुना गया है।
एएफआई के अनुसार नीरज चोपड़ा और सेल्वा प्रभु का चयन कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 से पहले उनके प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।
स्कॉटलैंड के ग्लासगो में 2026 राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

