एशियाई पैरा खेल : रवि कार्तिक ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में जीता रजत

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई पैरा खेल : रवि कार्तिक ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में जीता रजत


- भारत का तैराकी में पहला पदक, भारत की पदक संख्या छह हुई

नागोया, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के 18 वर्षीय युवा पैरा तैराक रवि कार्तिक बुदिगिना ने सोमवार को एशियाई पैरा खेल-2026 में पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। आंध्र प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले 18 वर्षीय रवि ने 56.68 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। इन खेलों में यह भारत का तैराकी में पहला पदक है।

उज्बेकिस्तान के इगोर बोलोतोव ने 52.90 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि कजाखस्तान के विक्टर वोल्कोव ने 57.23 सेकंड में स्पर्धा पूरी कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के लिए निर्धारित एस13 वर्ग में ऐसे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, जिनकी दृष्टि में अन्य पात्र दृष्टिबाधित वर्गों के खिलाड़ियों की तुलना में अपेक्षाकृत कम कमी होती है। रवि एस13 के अलावा एसबी13 और एसएम13 वर्गों में भी प्रतिस्पर्धा करते हैं। उन्हें भारत के उभरते हुए पैरा तैराकों में गिना जाता है।

रवि का रजत पदक एशियाई पैरा खेलों में भारतीय दल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे पहले भारतीय पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल और अवनी लेखरा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीते। जूडो में कोकिला ने महिलाओं के जे2-52 किग्रा वर्ग में रजत और कपिल परमार ने पुरुषों के जे1-70 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।

लंबी कूद में निषाद कुमार के स्वर्ण पदक और रवि कार्तिक के रजत पदक के साथ भारत की पदक संख्या छह हो गई है। इन 6 पदकों में 2 स्वर्ण, 3 रजत और एक कांस्य पदक शामिल है। जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे इन खेलों में भारतीय खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतने के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763531 Articles

Share this story