एशियन खेल 2026: भारत ने दक्षिण कोरिया को 3-0 से हराकर पुरुष स्क्वैश के क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

WhatsApp Channel Join Now

आइची-नागोया, 28 सितंबर (हि.स.)। गत चैंपियन भारत ने एशियन खेल 2026 में सोमवार को पुरुष स्क्वैश टीम स्पर्धा के ग्रुप चरण में दक्षिण कोरिया को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ भारत ने अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया।

भारत के लिए वेलावन सेंथिलकुमार ने जीत की शुरुआत की। उन्होंने दक्षिण कोरिया के ना जूयंग को सीधे तीन गेम में 11-6, 11-4, 11-7 से हराया। वेलावन ने पहले गेम से ही मुकाबले पर नियंत्रण बनाए रखा और भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

इसके बाद अभय सिंह ने र्यू जियोंगमिन को 11-4, 11-7, 11-1 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। अभय ने पहले गेम में आसानी से जीत दर्ज की और इसके बाद लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

मुकाबला भारत के पक्ष में तय होने के बाद वीर चोत्रानी ने दक्षिण कोरिया के ओह सोजिन को 11-6, 11-4, 11-2 से हराकर भारत को 3-0 की शानदार जीत दिला दी।

भारत ने इससे पहले ग्रुप चरण के अपने शुरुआती मुकाबले में चीन को भी 3-0 से मात दी थी। लगातार दो जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

इस जीत के बाद एशियन खेल 2026 में भारत के पदकों की संख्या 40 हो गई है। भारत के खाते में अब चार स्वर्ण, 17 रजत और 19 कांस्य पदक हैं और वह पदक तालिका में 12वें स्थान पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story