एशियन खेल 2026: भारतीय पुरुष स्क्वैश टीम ने पदक पक्का किया, सेमीफाइनल में मलेशिया से मुकाबला
आइची-नागोया, 30 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पुरुष स्क्वैश टीम ने एशियन खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को कुवैत को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली और देश के लिए एक और पदक पक्का कर दिया। गत चैंपियन भारत अब अंतिम चार में मलेशिया से भिड़ेगा।
कुवैत के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में भारत की ओर से वीर चोत्रानी ने पहले मुकाबले में बादर अलमोगरेबी को 3-1 से हराया। वीर ने यह मुकाबला 12-10, 8-11, 11-0, 11-5 से अपने नाम किया।
इसके बाद अभय सिंह ने अम्मार अल-तमिमी को सीधे गेमों में 3-0 से शिकस्त देकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। अभय ने मुकाबला 11-3, 11-4, 11-8 से जीता।
इससे पहले भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने भी एशियन खेल में पदक पक्का किया था। भारतीय टीम ने मंगलवार को क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर को 2-0 से हराया था। भारत की ओर से तन्वी खन्ना ने वाई लिन औ योंग को 3-1 से हराकर शुरुआत की। तन्वी ने 11-6, 5-11, 15-13, 11-1 से मुकाबला जीता।
इसके बाद अनाहत सिंह ने वाई यान औ योंग को 3-0 से हराकर भारत की जीत पक्की कर दी। अनाहत ने 11-7, 11-3, 11-4 से मुकाबला अपने नाम किया। महिला टीम के सेमीफाइनल में भारत के सामने कौन होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है।
एशियन खेल 2026 में स्क्वैश में भारत का प्रदर्शन पहले ही प्रभावशाली रहा है। अनाहत सिंह ने महिला एकल में रजत पदक जीता था। उन्हें फाइनल में मलेशिया की सिवासंगरी सुब्रमण्यम ने 3-0 से हराया था।
वहीं, अभय सिंह ने पुरुष एकल में रजत पदक अपने नाम किया। उन्हें फाइनल में मलेशिया के एनग इयान यो ने 9-11, 5-11, 5-11 से हराया था। अब भारतीय पुरुष और महिला टीमों के पास टीम स्पर्धा में पदक का रंग बदलने का मौका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

