विश्व चैंपियनशिप : ईशा, मनु और दिव्या ने 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में जीता स्वर्ण
दोहा, 10 नवंबर (हि.स.)। भारत की ईशा सिंह, मनु भाकर और दिव्या सुबराजू की तिकड़ी ने मंगलवार को आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। भारतीय निशानेबाजों ने कुल 1761 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
दक्षिण कोरिया की जिन यांग, येजिन ओह और दाजुंग नाम की टीम 1748 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही और रजत पदक जीता। वहीं, वियतनाम की टीम ने 1745 अंकों के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
भारत की ओर से ईशा सिंह ने सर्वाधिक 590 अंक जुटाए। उन्होंने प्रिसिजन राउंड में 292 और रैपिड राउंड में शानदार 298 अंक हासिल किए। मनु भाकर ने प्रिसिजन में 289 और रैपिड में 298 अंक के साथ कुल 587 अंक जोड़े। दिव्या सुबराजू ने प्रिसिजन में 289 और रैपिड में 295 अंक हासिल कर 584 अंकों का योगदान दिया।
ईशा ने प्रिसिजन की तीन सीरीज में क्रमशः 97, 96 और 99 अंक बनाए। इसके बाद रैपिड राउंड में उन्होंने 100, 98 और 100 अंक हासिल किए। मनु ने प्रिसिजन में 96, 96 और 97 अंक जुटाए, जबकि रैपिड में 99, 99 और 100 अंक बनाए। दिव्या ने प्रिसिजन में 97, 98 और 94 तथा रैपिड में 98, 99 और 98 अंक हासिल किए।
व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में ईशा और मनु
भारतीय निशानेबाजों ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया। ईशा सिंह तीसरे और मनु भाकर छठे स्थान पर रहीं। दोनों ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है।
व्यक्तिगत स्पर्धा का फाइनल निशानेबाजों को लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक खेलों के कोटा स्थान हासिल करने का भी अवसर देगा।
विश्व चैंपियनशिप में भारत का शानदार प्रदर्शन
आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में भारतीय निशानेबाज लगातार पदक जीत रहे हैं। इससे पहले निवेदिता वेलूर नायर ने महिलाओं की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में रजत पदक हासिल किया।
रविंदर सिंह, सौरभ चौधरी और अमनप्रीत सिंह की तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में रविंदर ने व्यक्तिगत रजत पदक भी अपने नाम किया। वहीं, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और शांभवी क्षीरसागर ने रजत पदक हासिल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

