एशियाई खेल: सुरुचि-कमलजीत ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में जीता स्वर्ण, बनाया एशियाई रिकॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल: सुरुचि-कमलजीत ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में जीता स्वर्ण, बनाया एशियाई रिकॉर्ड


आइची-नगोया, 25 सितंबर (हि.स.)। भारत की सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने शुक्रवार को एशियाई खेल 2026 में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके साथ ही भारत के खाते में खेलों का दूसरा स्वर्ण पदक आ गया।

भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल कर स्वर्ण अपने नाम किया और नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया।

दक्षिण कोरिया ने 478.0 अंक के साथ रजत, जबकि ईरान ने 415.8 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। इंडोनेशिया 349.4 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहा और पदक की दौड़ से बाहर हो गया।

सुरुचि और कमलजीत ने फाइनल की शुरुआत शानदार अंदाज में की। पहली सीरीज में भारतीय जोड़ी ने 103 अंक हासिल कर बढ़त बनाई। दूसरी सीरीज में 99.4 अंक और तीसरी में 101.1 अंक जुटाकर भारत ने कुल 303.5 अंक के साथ अपनी बढ़त कायम रखी।

फाइनल के दूसरे चरण में भी भारतीय जोड़ी का दबदबा बना रहा। पहली सीरीज में 61.2 अंक हासिल करने के बाद भारत का स्कोर 364.7 पहुंच गया। इसके बाद दूसरी सीरीज में 60.2 अंक जोड़कर भारतीय जोड़ी ने कुल 424.9 अंक कर लिए और दक्षिण कोरिया पर 8.4 अंक की बढ़त बना ली।

दक्षिण कोरिया ने अंतिम सीरीज में वापसी की कोशिश की, लेकिन सुरुचि और कमलजीत ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 484.6 अंक के साथ स्वर्ण पक्का कर लिया। भारत की बढ़त रजत पदक विजेता दक्षिण कोरिया से 6.6 अंक रही। भारतीय जोड़ी का स्कोर विश्व रिकॉर्ड से चार अंक कम रहा।

भारत ने इस प्रदर्शन के साथ इस स्पर्धा का एशियाई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

इससे पहले उज़्बेकिस्तान ने इसी वर्ष नई दिल्ली में एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप के दौरान 481.3 अंक के साथ यह रिकॉर्ड बनाया था।

### सुरुचि का शानदार सफर

हरियाणा के झज्जर की सुरुचि सिंह ने 13 साल की उम्र में निशानेबाजी शुरू की थी। उन्होंने 2025 में ब्यूनस आयर्स, लीमा और म्यूनिख में लगातार तीन व्यक्तिगत आईएसएसएफ विश्व कप स्वर्ण पदक जीते। लीमा में उन्होंने मिश्रित टीम में भी स्वर्ण हासिल किया।

2025 में दोहा विश्व कप फाइनल में उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल में 245.1 अंक के जूनियर विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीता। 2026 में म्यूनिख विश्व कप में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। नई दिल्ली में 2026 एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में रजत पदक जीता था।

### कमलजीत ने भी बनाई खास पहचान

हरियाणा के रेवाड़ी जिले के सुलखा के रहने वाले कमलजीत 10 मीटर एयर पिस्टल और 50 मीटर पिस्टल में प्रतिस्पर्धा करते हैं। उन्होंने 2019 में निशानेबाजी शुरू की थी। 2023 में चांगवोन में आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने 50 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

2025 की आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि 2026 एशियाई चैंपियनशिप में 50 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक हासिल किया।

इस स्वर्ण के साथ भारत के एशियाई खेलों में अब 2 स्वर्ण हो गए हैं। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर स्वर्ण पदक जीता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story