एनआरएआई की 75वीं वर्षगांठ पर साल भर होंगे समारोह, विस्तृत योजनाओं की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
एनआरएआई की 75वीं वर्षगांठ पर साल भर होंगे समारोह, विस्तृत योजनाओं की घोषणा


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। देश में ओलंपिक खेल शूटिंग की संचालन संस्था नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) ने अपनी स्थापना दिवस पर 75वीं वर्षगांठ समारोह के लिए विस्तृत योजनाओं की घोषणा की। समारोह की शुरुआत यहां प्रतिष्ठित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज (डीकेएसएसआर) के फाइनल्स हॉल में औपचारिक केक कटिंग के साथ हुई।

इस अवसर पर एनआरएआई के महासचिव पवनकुमार सिंह, सचिव राजीव भाटिया, खेल रत्न पुरस्कार विजेता जीतू राय, अर्जुन पुरस्कार विजेता और टीम इंडिया के मुख्य शॉटगन कोच मनशेर सिंह तथा दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर सहित राष्ट्रीय शूटिंग टीम के खिलाड़ी, कोच और सपोर्ट स्टाफ तथा नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एनसीओई) के सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पवनकुमार सिंह ने कहा, “एनआरएआई की स्थापना 1951 में आज ही के दिन हुई थी, जिसके पहले अध्यक्ष देश के प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, सांसद और लोकसभा के पहले अध्यक्ष श्री जी.वी. मावलंकर थे। हमें गर्व है कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री जीबी पंत और महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण जैसे कई स्वतंत्रता सेनानी इस संस्था की नींव से जुड़े रहे। आज शूटिंग खेल देश के लिए पदक जीतने में अग्रणी है और हमें खुशी है कि हम उनकी विरासत को उनके आदर्शों के अनुरूप आगे बढ़ा रहे हैं।”

आगामी समारोहों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, “हमने पूरे वर्ष चलने वाले कार्यक्रमों की योजना बनाई है। शुरुआत के तौर पर हमारा लक्ष्य 7.5 लाख (7,50,000) स्कूली छात्रों को शूटिंग से परिचित कराना है। इसके तहत हम या तो उनके स्कूलों में जाएंगे या उन्हें नजदीकी रेंज पर बुलाकर 10 शॉट्स का अनुभव कराएंगे। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हम सरकार, खेल मंत्रालय, सभी शूटिंग अकादमियों और देशभर के स्थानीय शूटिंग क्लबों की मदद लेंगे। इससे नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा, हम राष्ट्रीय चैंपियनशिप के दौरान शूटिंग के अर्जुन, खेल रत्न और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेताओं तथा ओलंपिक पदक विजेताओं को सम्मानित करेंगे, जबकि राज्य चैंपियनशिप में राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेताओं को भी सम्मान दिया जाएगा। अगले वर्ष दिल्ली में होने वाले आईएसएसएफ वर्ल्ड कप ओलंपिक कोटा इवेंट के दौरान हम पूर्व और वर्तमान ओलंपिक पदक विजेताओं के बीच एक प्रदर्शनी मैच आयोजित करने की भी योजना बना रहे हैं।”

शूटिंग भारत के सबसे सफल ओलंपिक खेलों में से एक है, जिसमें देश ने अब तक एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीते हैं। अभिनव बिंद्रा ने बीजिंग 2008 ओलंपिक में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत का पहला व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता था। हाल ही में पेरिस 2024 ओलंपिक में भारत के छह पदकों में से आधे शूटिंग से आए, जहां मनु भाकर ने दो कांस्य पदक जीते।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story