गुरु जसपाल राणा के निधन पर भावुक हुईं मनु भाकर, कहा- अपूरणीय क्षति

WhatsApp Channel Join Now
गुरु जसपाल राणा के निधन पर भावुक हुईं मनु भाकर, कहा- अपूरणीय क्षति


नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। भारत की स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने अपने गुरु और मार्गदर्शक जसपाल राणा के निधन को खेल जगत के लिए “अपूरणीय क्षति” बताया है।

भारत के महान पिस्टल निशानेबाज और बाद में सफल कोच बने जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में हृदय संबंधी जटिलताओं के कारण गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात निधन हो गया। अपने निधन के समय वह भारतीय पिस्टल शूटिंग टीम के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे।

जसपाल राणा ने मनु भाकर के करियर को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके मार्गदर्शन में मनु ने पेरिस ओलंपिक 2024 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीतकर नया इतिहास रचा था।

अपने गुरु के निधन पर मनु ने सोशल मीडिया पर तीन तस्वीरें साझा करते हुए केवल दो शब्द लिखे- अपूरणीय क्षति।

वर्तमान में देहरादून में राष्ट्रीय शिविर का हिस्सा बनीं मनु, जसपाल राणा के पार्थिव शरीर के शहर पहुंचने पर भी मौजूद रहीं। शुक्रवार शाम वह जसपाल राणा के पिता एनएस राणा और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करती दिखाई दीं।

जसपाल राणा का खिलाड़ी के रूप में करियर 15 वर्षों से अधिक समय तक चला। उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 2006 एशियाई खेल शामिल रहे, जहां उन्होंने तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर उस समय के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

प्रतिभा पहचानने और खिलाड़ियों को बड़े मंच के लिए तैयार करने की उनकी क्षमता ने उन्हें भारतीय शूटिंग के सबसे प्रभावशाली कोचों में शामिल किया। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story