एशियाई खेल 2026: पीटी उषा ने निशानेबाजों के जज्बे और एकाग्रता को सराहा,पदक जीतने पर दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल 2026: पीटी उषा ने निशानेबाजों के जज्बे और एकाग्रता को सराहा,पदक जीतने पर दी बधाई


आइची-नगोया, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा ने एशियाई खेल 2026 के छठे दिन भारतीय निशानेबाजों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। भारतीय निशानेबाजों ने शुक्रवार को 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में एक-एक रजत और स्वर्ण पदक जीतकर भारत के पदक अभियान को मजबूती दी।

पीटी उषा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए उनके जज्बे और एकाग्रता को सराहा। उन्होंने रुद्रांक्ष पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार के साथ-साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली सुरूचि सिंह और कमलजीत को बधाई दी और ऐश्वर्य तथा नीरज को व्यक्तिगत फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।

पीटी उषा ने कहा, “हमारे खिलाड़ियों ने जिस जज्बे और एकाग्रता का प्रदर्शन किया है, उस पर गर्व है। सुरूचि और कमलजीत की युवा पिस्टल मिश्रित टीम ने शानदार निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। ऐश्वर्य, नीरज और रुद्रांक्ष की 50 मीटर थ्री पोजीशन टीम ने भी दमदार प्रदर्शन किया। ऐश्वर्य और नीरज को उनके फाइनल के लिए शुभकामनाएं। #JeetHamariHai”

पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम स्पर्धा में रुद्रांक्ष पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार की भारतीय टीम ने 1762-94x का स्कोर बनाया। चीन ने 1766-95x के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि दक्षिण कोरिया को 1751-87x के साथ कांस्य पदक मिला।

भारतीय टीम ने 2022 एशियाई खेलों में इसी स्पर्धा का स्वर्ण जीता था। इस बार उसे चीन से अपना खिताब गंवाना पड़ा।

व्यक्तिगत स्पर्धा में ऐश्वर्य 589-34x के साथ तीसरे और नीरज 588-34x के साथ चौथे स्थान पर रहे। दोनों ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के व्यक्तिगत फाइनल में जगह बना ली है। रुद्रांक्ष 585-26x के स्कोर के साथ नौवें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके।

वहीं, 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में सुरूचि सिंह और कमलजीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 484.6 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। दक्षिण कोरिया ने 478.0 अंक के साथ रजत और ईरान ने 415.8 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। इंडोनेशिया 349.4 अंक के साथ बाहर हो गया।

सुरूचि और कमलजीत ने स्वर्ण पदक जीतने के दौरान एशियाई रिकॉर्ड भी तोड़ा। भारतीय जोड़ी का 484.6 अंक का स्कोर इससे पहले उज्बेकिस्तान के नाम रहे 481.3 अंक के रिकॉर्ड से बेहतर रहा। यह रिकॉर्ड इस साल नई दिल्ली में आयोजित एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में बनाया गया था।

इस स्वर्ण पदक के साथ भारत ने एशियाई खेलों में अपना दूसरा स्वर्ण हासिल किया। भारत के अब कुल 19 पदक हो गए हैं, जिनमें दो स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story