एशियाई खेल : अनंतजीत-परिनाज की जोड़ी ने मिश्रित टीम स्कीट में जीता कांस्य

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई खेल : अनंतजीत-परिनाज की जोड़ी ने मिश्रित टीम स्कीट में जीता कांस्य


आइची-नगोया, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय निशानेबाज अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज़ धालीवाल ने गुरुवार को एशियाई खेल-2026 में मिश्रित टीम स्कीट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या 15 पहुंचा दी। यह एशियाई खेलो में मिश्रित टीम स्कीट स्पर्धा में भारत का पहला पदक है। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में छह सीरीज के बाद 44 अंक हासिल किए।

चीन ने 52 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीतकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। दक्षिण कोरिया ने 51 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया। चीन ने जनवरी में कतर द्वारा बनाए गए 47 अंक के विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

अनंतजीत और परिनाज़ ने क्वालीफिकेशन में 138/150 अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया था।

चीन 140, दक्षिण कोरिया 143 और कतर 145 अंक के साथ उनसे आगे रहे थे। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने फाइनल में कांस्य पदक अपने नाम किया।

अनंतजीत और परिनाज़ दोनों ने इससे पहले भी इस एशियाई खेल में अपनी-अपनी टीम स्पर्धाओं में पदक जीते थे। अनंतजीत ने पुरुष स्कीट टीम के कांस्य पदक में योगदान दिया था, जबकि परिनाज़ ने रायज़ा ढिल्लों और माहेश्वरी चौहान के साथ महिला स्कीट टीम का कांस्य पदक जीता था।

इस पदक के साथ भारत के खाते में अब एक स्वर्ण, छह रजत और आठ कांस्य, यानी कुल 15 पदक हो गए हैं। निशानेबाजी में भारत का यह आठवां पदक है, जिसमें चार रजत और चार कांस्य शामिल हैं।

इससे पहले पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में भारत पदक से चूक गया था। कमलजीत, केदारलिंग बालकृष्ण और आकाश भारद्वाज की भारतीय टीम 1727-53एक्स के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रही। चीन और इंडोनेशिया ने 1743 अंक के साथ शीर्ष स्थान साझा किया, जबकि जापान 1730 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

अनंतजीत सिंह नरूका जयपुर के निशानेबाज हैं और पुरुष स्कीट तथा मिश्रित टीम स्कीट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2012 में 14 वर्ष की उम्र में निशानेबाजी शुरू की थी। उनके प्रमुख पदकों में 2022 एशियाई खेलों में पुरुष स्कीट का रजत और टीम स्पर्धा का कांस्य, 2025 एशियाई शॉटगन चैंपियनशिप में स्वर्ण तथा 2024 नई दिल्ली आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में कांस्य शामिल हैं। उन्हें टॉप्स के तहत 43,24,334 रुपये और एसीटीसी के तहत 36,17,226 रुपये की वित्तीय सहायता मिली है।

परिनाज़ धालीवाल पटियाला की निशानेबाज हैं और महिला स्कीट, टीम स्कीट तथा मिश्रित टीम स्कीट में प्रतिस्पर्धा करती हैं। उन्होंने 2015 में निशानेबाजी शुरू की थी। उनके प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पदकों में 2021 नई दिल्ली आईएसएसएफ विश्व कप में महिला स्कीट टीम का रजत और 2022 आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में कांस्य शामिल है। उन्हें एसीटीसी के तहत 15,53,046 रुपये की वित्तीय सहायता मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story