‘गर्व है’ पहल से जुड़े अभिमन्यु ने ऑल इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में जीता रजत पदक

WhatsApp Channel Join Now
‘गर्व है’ पहल से जुड़े अभिमन्यु ने ऑल इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में जीता रजत पदक


अहमदाबाद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। अदाणी स्पोर्ट्सलाइन की ‘गर्व है’ पहल से जुड़े निशानेबाज अभिमन्यु सिंह भाटी ने दिल्ली में आयोजित 11वीं ऑल इंडिया ओपन प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीता। पुरुष स्कीट स्पर्धा में अभिमन्यु ने 50 में से 43 अंक हासिल किए। उनके अंक स्वर्ण पदक विजेता के बराबर रहे लेकिन काउंटबैक के आधार पर उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

यह प्रतियोगिता 5 से 7 अक्टूबर तक आयोजित की गई थी। अभिमन्यु की यह उपलब्धि नवंबर में होने वाली राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप से पहले आई है। वह पिछले चार से पांच महीनों से अपने आधिकारिक कोच बाबा पी.एस. बेदी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसके साथ ही वह अपने मार्गदर्शक केसरी सिंह भाटी से भी तकनीक में सुधार और प्रतियोगिताओं में निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए सलाह ले रहे हैं।

अभिमन्यु ने अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के हवाले से कहा, “43 अंक हासिल करने के बाद काउंटबैक के आधार पर स्वर्ण पदक से चूकना निराशाजनक है लेकिन मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं। यह एक अच्छी परीक्षा थी। इससे मुझे नवंबर में होने वाली अगली प्रतियोगिता के लिए आत्मविश्वास मिला है। मैं अपने कोच बाबा पी.एस. बेदी, अपने मार्गदर्शक केसरी सिंह भाटी और अदाणी स्पोर्ट्सलाइन का उनके सहयोग के लिए आभारी हूं।”

अदाणी स्पोर्ट्सलाइन अगस्त 2025 से अपनी ‘गर्व है’ पहल के तहत अभिमन्यु का सहयोग कर रही है। इस पहल के माध्यम से उन्हें विशेषज्ञ फिजियोथेरेपी और मानसिक मजबूती के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वह उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकें।

फिजियोथेरेपी उन्हें कठिन प्रशिक्षण सत्रों और कई दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिताओं की शारीरिक चुनौतियों से निपटने में मदद करती है। वहीं, मानसिक प्रशिक्षण दबाव की परिस्थितियों में एकाग्रता और संयम बनाए रखने में सहायक है। स्कीट निशानेबाजी जैसे सटीकता वाले खेल में इन दोनों पहलुओं का विशेष महत्व है।

इस सहयोग से अभिमन्यु अपने प्रशिक्षण और तकनीकी विकास पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं। अब उनकी नजर नवंबर में होने वाली राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप पर है, जहां वह अपने हालिया प्रदर्शन को आगे बढ़ाने और बेहतर परिणाम हासिल करने की कोशिश करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762612 Articles

Share this story