खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026: सेपकटकरा में हरियाणा महिला और दिल्ली पुरुष टीम ने जीता स्वर्ण
• बीच सेपकटकरा में बिहार को रजत पदक
• बीच सॉकर महिला फाइनल में ओडिशा और गुजरात आमने-सामने होंगी
दीव, 08 जनवरी (हि.स.)। खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 में गुरुवार को सेपकटकरा स्पर्धा में हरियाणा की महिला टीम और दिल्ली की पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। दोनों ही फाइनल मुकाबलों में बिहार की टीम को हार का सामना करना पड़ा।
घोघला बीच पर खेले गए महिला सेपकटकरा फाइनल में हरियाणा ने पहले रेगू में हार के बाद जोरदार वापसी करते हुए बिहार को 2-1 से हराया। यह रोमांचक मुकाबला करीब एक घंटा 15 मिनट तक चला। वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में दिल्ली की टीम ने बिहार को सीधे सेटों में 2-0 से शिकस्त दी।
खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 का आयोजन केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता का तकनीकी संचालन भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघों की देखरेख में हो रहा है। खेलो इंडिया बीच गेम्स के दूसरे संस्करण में 1100 से अधिक खिलाड़ी आठ खेलों—वॉलीबॉल, सॉकर, सेपकटकरा, कबड्डी, पेंचक सिलाट, ओपन वाटर स्विमिंग, मल्लखंब और टग ऑफ वॉर—में भाग ले रहे हैं। इनमें से पहले छह खेल पदक स्पर्धाएं हैं और कुल 32 स्वर्ण पदक दांव पर हैं।
बीच सॉकर में डिफेंडिंग चैंपियन ओडिशा ने महिला सेमीफाइनल में डेब्यू कर रही हिमाचल प्रदेश को 7-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। ओडिशा की ओर से सृजना तमांग, सत्यबती खड़िया और खुंडोंगबाम अंबालिका ने दो-दो गोल दागे।
दूसरे महिला सेमीफाइनल में गुजरात ने पहले क्वार्टर में चार गोल की बढ़त बनाते हुए अरुणाचल प्रदेश को 6-3 से मात दी।
अरुणाचल की कप्तान जियानी रामचिंग मारा ने तीनों क्वार्टर में एक-एक गोल किया, लेकिन अन्य खिलाड़ियों से उन्हें खास सहयोग नहीं मिला।
बीच वॉलीबॉल में तमिलनाडु के पास पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण जीतने का मौका है। महिला सेमीफाइनल में तमिलनाडु की दीपिका और पवित्रा ने एक सेट से पिछड़ने के बाद स्वाति और धारिणी को 19-21, 21-12, 15-6 से हराया। फाइनल में उनका सामना पुडुचेरी की रेवती और श्वेता से होगा।
पुरुष वर्ग का फाइनल तमिलनाडु के भारत और राजेश तथा गोवा के सवान और गॉन्स के बीच खेला जाएगा।
आज के परिणाम
बीच सॉकर (महिला सेमीफाइनल)
गुजरात ने अरुणाचल प्रदेश को 6-3 से हराया
ओडिशा ने हिमाचल प्रदेश को 7-0 से हराया
बीच सेपकटकरा
महिला: स्वर्ण – हरियाणा; रजत – बिहार; कांस्य – उत्तर प्रदेश, मणिपुर
पुरुष: स्वर्ण – दिल्ली; रजत – बिहार; कांस्य – मणिपुर, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव
बीच वॉलीबॉल (सेमीफाइनल)
महिला:
दीपिका/पवित्रा (तमिलनाडु) ने स्वाति/धारिणी (तमिलनाडु) को 19-21, 21-12, 15-6 से हराया
रेवती/श्वेता (पुडुचेरी) ने मानसा/मौनिका (आंध्र प्रदेश) को 21-10, 21-18 से हराया
पुरुष:
सवान/गॉन्स (गोवा) ने पूंथामिझन/अभिथान (तमिलनाडु) को 21-18, 16-21, 15-12 से हराया
भारत/राजेश (तमिलनाडु) ने रामकृष्ण दावस्कर/नितिन सावंत (गोवा) को 21-13, 19-21, 15-8 से हराया
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

