रग्बी प्रीमियर लीग का दूसरा संस्करण 16 से 28 जून तक, हैदराबाद करेगा मेजबानी

WhatsApp Channel Join Now
रग्बी प्रीमियर लीग का दूसरा संस्करण 16 से 28 जून तक, हैदराबाद करेगा मेजबानी


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। जीएमआर स्पोर्ट्स और रग्बी इंडिया ने संयुक्त रूप से रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) के दूसरे संस्करण की घोषणा की है। यह लीग 16 से 28 जून 2026 के बीच हैदराबाद के गाचीबौली स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।

पिछले वर्ष मुंबई में सफल पहले संस्करण के बाद आरपीएल एक बार फिर तेज़-तर्रार रग्बी 7s प्रारूप में लौट रही है। लीग का उद्देश्य भारत में रग्बी के विकास को गति देना और इसे वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। दूसरे संस्करण में पहले सीज़न की छह फ्रेंचाइज़ी टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को उच्च स्तर का मंच मिलेगा और दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

हैदराबाद में आयोजन का फैसला खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में जीएमआर स्पोर्ट्स की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है। हाल ही में कंपनी ने तेलंगाना सरकार के साथ भारत फ्यूचर सिटी में सैटेलाइट स्पोर्ट्स सिटी विकसित करने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

तेलंगाना सरकार के विशेष मुख्य सचिव (युवा विकास, पर्यटन एवं संस्कृति और खेल विभाग) जयेश रंजन ने कहा कि हैदराबाद का वैश्विक खेल केंद्र के रूप में उभरना राज्य की दीर्घकालिक नीति और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों का परिणाम है। ऐसे आयोजन पर्यटन, शहर की पहचान और राज्य की खेल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देते हैं।

रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने कहा कि आरपीएल का लक्ष्य हर बार बेहतर प्रदर्शन करना और प्रशंसकों, प्रायोजकों व फ्रेंचाइज़ी के लिए बेहतर अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि हैदराबाद में होने वाला आरपीएल 2026 और भी अधिक रोमांचक होगा।

जीएमआर स्पोर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम त्रिवेदी ने कहा कि हैदराबाद का उत्कृष्ट खेल बुनियादी ढांचा, बेहतर कनेक्टिविटी और उत्साही दर्शक इसे इस लीग के लिए आदर्श स्थान बनाते हैं। यह आयोजन युवाओं को प्रेरित करेगा और रग्बी के प्रति भागीदारी बढ़ाने में मदद करेगा।

स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ तेलंगाना की उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. ए. सोनिबाला देवी ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन उभरते खिलाड़ियों को अनुभव प्रदान करते हैं और राज्य के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाते हैं।

उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा, स्थापित लीग प्रारूप और नए मेज़बान शहर के साथ रग्बी प्रीमियर लीग का दूसरा संस्करण भारत में इस खेल के विकास में अहम भूमिका निभाने के साथ दर्शकों को शीर्ष स्तर का रोमांच प्रदान करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Share this story