प्रीमियर लीग के ‘इंडिया सुपर फैन’ बने रियान पराग, यादगार रहा लंदन का दौरा
लंदन, 17 मार्च (हि.स.)। भारतीय क्रिकेटर रियान पराग ने अपने ब्रिटेन दौरे के समय प्रीमियर लीग के रोमांच को बेहद करीब से महसूस किया। राजस्थान रॉयल्स के नए कप्तान के रूप में पराग एक सप्ताह तक इंग्लैंड में रहे, जहां उन्होंने मैदान पर मुकाबलों को प्रत्यक्ष रूप से देखा, खिलाड़ियों से मुलाकात की। रियान पराग का यह दौरा न केवल उनके लिए एक यादगार अनुभव रहा, बल्कि भारतीय खेल प्रेमियों के लिए भी गर्व का विषय बना।
प्रीमियर लीग के निर्णायक चरण में पराग ने मैनचेस्टर सिटी और वेस्ट हैम यूनाइटेड के बीच मुकाबला लंदन स्टेडियम में देखा। 62,500 दर्शकों की क्षमता वाले इस मैदान पर खेला गया यह मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
पराग ने इस अनुभव को 'अविस्मरणीय' बताते हुए एक आधिकारिक बयान में कहा, “प्रीमियर लीग का भारत में बहुत बड़ा प्रशंसक वर्ग है और मैं बचपन से इसे देखता आया हूं। लंदन स्टेडियम में मौजूद रहकर दर्शकों की आवाज, उनके नारे और पूरा माहौल महसूस करना वास्तव में अद्भुत था। जब पूरा स्टेडियम एक साथ टीम का समर्थन करता है, तो जो गूंज बनती है, वह बेहद खास होती है। भारत में क्रिकेट को लेकर भी ऐसा ही जुनून देखने को मिलता है, इसलिए उससे तुरंत जुड़ाव महसूस होता है। वहां जाकर लाखों प्रशंसकों का सपना जीना मेरे लिए यादगार अनुभव रहा।”
दौरे के दौरान पराग ने वेस्ट हैम यूनाइटेड के अभ्यास केंद्र का भी दौरा किया, जहां उन्होंने टीम की तैयारियों को नजदीक से देखा। इस दौरान उनकी मुलाकात टीम के कप्तान जेरोड बोवेन से हुई। दोनों खिलाड़ियों ने कप्तानी, दबाव में प्रदर्शन और महत्वपूर्ण मुकाबलों की तैयारी जैसे विषयों पर विचार साझा किए।
पराग ने कहा, “एक खिलाड़ी के तौर पर यह देखना हमेशा दिलचस्प होता है कि दूसरे खेलों के खिलाड़ी बड़े मुकाबलों की तैयारी कैसे करते हैं। अभ्यास सत्रों को देखकर और जारोड बोवेन से बातचीत कर यह समझ आया कि प्रीमियर लीग स्तर पर कितनी बारीकी और अनुशासन की जरूरत होती है। हमने नेतृत्व और टीम को प्रेरित रखने के महत्व पर भी चर्चा की। खेल भले अलग हों, लेकिन ड्रेसिंग रूम की सोच, जीत की भूख और टीम का माहौल काफी हद तक एक जैसा होता है।”
अपने दौरे के अंतिम चरण में पराग ने प्रीमियर लीग प्रोडक्शन के लंदन स्थित प्रसारण केंद्र का भी भ्रमण किया, जहां से प्रीमियर लीग का प्रसारण विश्व के 189 देशों में किया जाता है। यहां उन्होंने पर्दे के पीछे होने वाली गतिविधियों को समझा और फुटबॉल के पूर्व दिग्गज माइकल ओवन से मुलाकात भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

