एशियाई पैरा खेल: भाविना पटेल ने जीता कांस्य,सेमीफाइनल में चीन की झांग बियान से हारीं

WhatsApp Channel Join Now
एशियाई पैरा खेल: भाविना पटेल ने जीता कांस्य,सेमीफाइनल में चीन की झांग बियान से हारीं


आइची-नागोया , 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारत की पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना पटेल ने एशियाई पैरा खेल-2026 में कांस्य पदक अपने नाम किया। महिला एकल वर्ग-4-5 के सेमीफाइनल में उन्हें चीन की झांग बियान के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, पैरा बैडमिंटन में भारत के प्रमोद भगत और मनीषा रामदास की मिश्रित जोड़ी ने सेमीफाइनल में पहुंचकर देश के लिए एक और पदक पक्का कर दिया।

भाविना को सेमीफाइनल मुकाबले में झांग बियान ने 11-7, 11-5, 11-7 से हराया। इस हार के साथ भाविना का फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया, लेकिन उन्हें कांस्य पदक मिला। टोक्यो पैरालंपिक-2020 में रजत पदक जीत चुकीं भाविना भारत की प्रमुख पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने टोक्यो में पैरालंपिक टेबल टेनिस में भारत का पहला पदक जीतकर इतिहास रचा था।

गुजरात के मेहसाणा की रहने वाली भाविना ने वर्ष 2009 में बेंगलुरु में आयोजित पैरा टेबल टेनिस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल कीं। वर्ष 2018 के एशियाई पैरा खेलों में उन्होंने महिला युगल में रजत पदक जीता, जबकि 2022 के एशियाई पैरा खेलों में महिला एकल में कांस्य पदक हासिल किया। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 में उन्होंने महिला एकल का स्वर्ण पदक भी जीता था।

उधर, पैरा बैडमिंटन में प्रमोद भगत और मनीषा रामदास की भारतीय मिश्रित जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक की उम्मीद कायम रखी। एसएल3-एसयू5 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में भारतीय जोड़ी ने थाईलैंड की चनिडा श्रीनावाकुल और सिरिपोंग टीमारोम की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-15, 21-14 से हराया। यह मुकाबला 25 मिनट तक चला।

इस जीत के साथ प्रमोद और मनीषा ने सेमीफाइनल में जगह बनाई और भारत के लिए पदक सुनिश्चित किया। अब दोनों की नजरें फाइनल में पहुंचकर पदक का रंग बेहतर करने पर होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763738 Articles

Share this story